उत्तराखंड में संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी आ रही है, लेकिन कोरोना मरीजों की मौतें नहीं थम रही हैं। बीते 24 घंटे के भीतर उत्तराखंड में 1840 लोग संक्रमित मिले हैं, जबकि 18 मरीजों ने दम तोड़ा है। संक्रमितों की तुलना में दोगुने से अधिक मरीज ठीक हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मंगलवार को 13 जिलों में 1840 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। देहरादून जिले में 595, ऊधमसिंह नगर में 93, नैनीताल में 210, हरिद्वार में 229, चंपावत में 40, उत्तरकाशी में 47, रुद्रप्रयाग में 101, पौड़ी में 58, अल्मोड़ा में 183, बागेश्वर में 67, चमोली में 77, टिहरी में 42 और पिथौरागढ़ जिले में 98 संक्रमित मिले हैं।
कोरोना की तीसरी लहर में अब तक 138 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि मंगलवार को 4383 मरीज ठीक हुए हैं। इन्हें मिलाकर अब तक 48774 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। संक्रमितों से अधिक मरीज ठीक होने से सक्रिय मामले कम हो रहे हैं। वर्तमान में 26814 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। जिसमें अधिकतर संक्रमित होम आइसोलेशन में रह कर इलाज ले रहे हैं।
बुजुर्ग घर पर भी लगवा सकेंगे वैक्सीन की एहतियाती डोज
60 साल से अधिक आयु के बुजुर्ग अब घर पर भी कोविड वैक्सीन की एहतियाती डोज लगवा सकेंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं। जिस पर संपर्क करने से मोबाइल टीम घर पर जाकर एहतियाती डोज लगाएगी। प्रदेश में अब तक 2.51 लाख से अधिक लोगों को एहतियाती डोज लगाई जा चुकी है।
राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.कुलदीप सिंह मर्तोलिया ने बताया कि कोविड संक्रमण से बचाव के लिए प्रदेश में प्रतिदिन टीकाकरण महाभियान चलाया जा रहा है। जिसमें छूटे हुए लोगों को वैक्सीन लगाई जा रहा है। प्रदेश में अब तक 84.72 लाख से अधिक लोगों को पहली, 73.79 लाख से ज्यादा को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है।
जबकि 2.51 लाख से अधिक बुजुर्गों, स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्करों को एहतियाती डोज लगाई गई है। उन्होंने कहा कि 60 साल से ऊपर के जो बुजुर्ग टीकाकरण केंद्र तक नहीं आ सकते हैं, उन्हें मोबाइल टीम घर पर जाकर एहतियाती डोज लगाई जाएगी। इसके लिए सभी जिलों के हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।