देहरादून जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों को पत्र भेजकर इन्हें कम रिस्क वाले संपर्क की श्रेणी में रखते हुए अपने कार्य सामान्य रूप से करने की अनुमति दे दी है। हालांकि एतिहात के तौर पर मुख्यमंत्री और मंत्री कुछ दिन और अपने आवास पर सेल्फ क्वारंटीन रहेंगे।
शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक ने बताया कि जिला प्रशासन से मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों को पत्र मिला है कि वे लो रिस्क श्रेणी के संपर्क में आते हैं। ऐसे में वे अपने नियमित कार्य कर सकते हैं। होम क्वारंटीन की आश्यकता नहीं है। इस पत्र के मिलने के बावजूद तय किया गया है कि अभी कुछ दिन एतिहात के तौर पर मुख्यमंत्री और मंत्री क्वारंटीन रहेंगे।
घर से टेलीफोन के माध्यम से आवश्यक कार्य करेंगे। इस दौरान किसी से भी मुलाकात नहीं की जाएगी। बता दें कि प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में पहुंचे कैबिनेट मंत्री महाराज के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। महाराज की पत्नी पूर्व मंत्री अमृता रावत सहित परिवार के अन्य सदस्य और अधिकांश स्टाफ कोरोना पॉजिटिव पाया जा चुका है।
पॉजिटिव रिपोर्ट आने से पहले महाराज मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल हुए थे। हालांकि बैठक का आयोजन सोशल डिस्टेंसिंग के आधार पर हुआ। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने बैठक में मौजूद लोगों को लो रिस्क श्रेणी में माना है। केंद्रीय गाइडलाइन के अनुसार स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी साफ कर चुके हैं कि लो रिस्क श्रेणी में किसी को क्वारंटीन होने की जरूरत नहीं है।