सोमवार को आई रिपोर्ट में गांव के दस लोगों के कोरोना पॉजिटिव आने की सूचना मिली है। स्वास्थ्य कर्मियों को गांव के लिए रवाना किया गया है। संक्रमितों को कोरोना किट देकर उनको गांव में ही होम आइसोलेट किया जाएगा।
एसडीएम सतपुली संदीप कुमार ने बताया कि ईडा तल्ला और मल्ला गांव में पांच -पांच लोग कोरोना संक्रमित हैं। फिलहाल संक्रमितों को होम आइसोलेट किया जा रहा है। उनके सीधे संपर्क में आने वाले लोगों को आरटीपीसीआर सैंपल लेने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं।
जयहरीखाल में संक्रमित महिला की मौत
जयहरीखाल में रविवार रात को एक 50 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला की मौत हो गई है। कोतवाली निरीक्षक संतोष कुंवर ने बताया कि महिला हृदय राग से ग्रसित थी। रविवार रात को उसका आक्सीजन स्तर काफी नीचे गिर गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतका का कोरोना सैंपल जांच के लिए लिया था। जांच में सैंपल पॉजिटिव आया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को परिजनों के कोराना जांच के सैंपल लिए हैं।