कोरोनावायरस के प्रति सतर्कता बरतते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अन्य विभागों के अधिकारियों, निजी अस्पतालों और सामाजिक संस्थाओं से भी सहयोग मांगा है। सोमवार को सिडकुल के एक होटल में कार्यशाला के दौरान लोगों को कोरोनावायरस के साथ ही स्वाइन फ्लू पर अहम जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने कोरोना के लक्षण, फैलने से बचाव और कोरोना का शक होने पर सैंपल लेने और इलाज के बारे में जानकारी दी। विशेषज्ञों ने सावधानी को ही बचाव करार दिया। माइक्रोबॉयोलॉजिस्ट डॉ. निशात अंजुम ने कोरोना के लक्षण बताए।
सीनियर पैथोलॉजिस्ट डॉ. ऋतु खेतान ने कोरोनावायरस की जांच, सैंपल लेने के तरीके, हाथ धोने के तरीके और पीपीई किट के प्रयोग की विधि से अवगत कराया। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप निगम ने स्वाइन फ्लू से बचाव के तरीके बताए। मौके पर डीएम सी. रविशंकर ने प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी।