वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. केसी पंत ने प्राथमिक जांच और एक्सरे रिपोर्ट देखने के बाद उसे ऋषिकेश स्थित एम्स रेफर कर दिया। कोरोना की संदिग्ध मरीज लगने पर एम्स में उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था।
सीएमओ डॉ. मीनाक्षी जोशी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवती का सैंपल लेकर जांच के लिए पुणे स्थित नेशनल वायरोलॉजी इंस्टीट्यूट स्थित लैब में भेजा था। शनिवार को इसकी जांच रिपोर्ट विभाग को मिल गई है। रिपोर्ट निगेटिव आई है।
नेपाल सीमा पर कोरोना वायरस को लेकर हाई अलर्ट जारी है। छठे दिन शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 24 लोगों की कोरोना स्क्रीनिंग की। वर्तमान में कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम हर रोज नेपाल सीमा पर कैंप कर रही है। मेलाघाट में लगे कैंप में डॉ. साक्षी आर्या ने स्क्रीनिंग की। उन्होंने बताया अभी तक किसी में भी कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले हैं।
लोगों को इसके लक्षणों को लेकर सजग रहने को कहा गया है। इधर, बताया गया कि चार दिन पहले संदिग्ध बुखार से पीड़ित नेपाली युवती से टीम संपर्क करने का प्रयास कर रही है लेकिन संपर्क नहीं हो पाया है। उधर, सरकारी अस्पताल में छह बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है।