प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण की रफ्तार धीमी होती जा रही है। साथ ही कोरोना मरीजों की मौतें भी घट रही हैं। सात दिन में 42 हजार से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब तक कुल 327112 संक्रमितों में से 283962 स्वस्थ हो चुके हैं। सैंपल जांच के आधार पर संक्रमण दर भी कम हो रही है।
राज्य में कोरोना संक्रमण काल के 441 दिन पूरे हो गए हैं। अब कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर धीमी हो गई है। लगातार नए मरीजों की तुलना में अधिक स्वस्थ हो रहे हैं। बीते सप्ताह 23 से 29 मई तक प्रदेश में दूसरी बार सबसे अधिक 42532 मरीजों ने संक्रमण को मात दी है। वहीं, पिछले सप्ताह में संक्रमण दर भी घट कर 6.44 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रदेश में संक्रमित मामले और मरीजों की मौतें घट रही हैं।
बीते सात दिन में 626 मरीजों की मौत हुई है। प्रदेश में कोविड काल में अब तक 47.34 लाख से ज्यादा सैंपलों की जांच की गई। कोरोना आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप नौटियाल का कहना है कि कोरोना की दूसरी लहर की रफ्तार धीमी पड़ गई है। डेढ़ महीने के बाद प्रदेश में एक दिन में सबसे कम संक्रमित मिले हैं। जबकि सात दिनों में 42 हजार से अधिक स्वस्थ हुए हैं। नए मरीज, संक्रमण दर और मौतें कम हो रही हैं।