कोरोना के मरीजों के इलाज और दवाओं के असर की निगरानी के लिए बनाई गए स्टेट एडवाइजरी बोर्ड ने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) की 2डीजी (2-डीऑक्सी-डी-ग्लूकोज) दवा के क्लीनिकल ट्रायल के लिए 15 हजार खुराक मांगी हैं। इस दवा के अब तक के शोध में बताए गए फायदों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। क्लीनिकल ट्रायल प्रदेश के छह मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में भर्ती 100-150 मरीजों पर किया जाएगा।
बता दें कि हेमवती नंदन बहुगुणा मेडिकल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हेमचंद्र की अध्यक्षता और राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्राचार्य एवं बोर्ड के को-ऑर्डिनेटर डॉ. आशुतोष सयाना के नेतृत्व में प्रदेशभर के डॉक्टरों का स्टेट एडवाइजरी बोर्ड बनाया गया है। इसमें एम्स ऋषिकेश समेत प्रदेश के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के वरिष्ठ डॉक्टर भी शामिल हैं।