प्रदेश में कोविड वैक्सीन की डोज खत्म होने से टीकाकरण अभियान पर ब्रेक लग गया है। केंद्र से वैक्सीन की डोज मिलने का इंतजार हो रहा है। 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को पहली व दूसरी डोज लगाने के लिए वैक्सीन खत्म हो गई है। 45 साल से अधिक आयु वर्ग के लिए केंद्र से 1.37 लाख वैक्सीन की डोज मिलनी है।
कोविड वैक्सीन को लेकर सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन प्रदेश में वैक्सीन खत्म हो गई है। 45 साल से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए जिलों के पास टीके नहीं हैं। जिससे अधिकांश केंद्रों पर टीकाकरण का कार्य बंद हो गया है। वहीं, 18 से 44 आयु वर्ग के लिए वैक्सीन की पर्याप्त डोज नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 16 मई तक जिलों के पास 71870 वैक्सीन डोज उपलब्ध थी। जो खत्म हो गई है। केंद्र ने 45 से अधिक आयु वर्ग के लिए 1.37 लाख वैक्सीन डोज भेजने की अनुमति दे दी है लेकिन वैक्सीन कब आएगी। इसकी कोई जानकारी नहीं है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए इस वर्ग के लोग पहली और दूसरी डोज लगाने के लिए टीकाकरण केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं।
कोविड टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह मार्तोलिया का कहना है कि 45 से अधिक आयु वर्ग के लिए केंद्र से 1.37 लाख कोविशील्ड वैक्सीन की डोज मिलनी है। इस आयु वर्ग के लिए 24 मई को 50 हजार और 29 मई को 50 हजार कोवैक्सीन मिलने की केंद्र से अनुमति मिली है। वैक्सीन न होने के कारण टीकाकरण कार्य प्रभावित हो रहा है।