पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कोरोना की तीसरी लहर से लड़ने के लिए अधिकारियों को युद्धस्तर पर तैयारी के निर्देश दिए। पौड़ी जिले के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक में उन्होंने कहा कि इसके लिए खख्त कदम उठाए जाएं।
विभागीय मंत्री ने कहा कि विशेषज्ञों की माने तो आने वाले कुछ समय बाद देश में कोरोना की तीसरी लहर का संकट आने वाला है। इससे निपटने के लिए युद्धस्तर पर तैयारी की जाए। वैक्सीनेशन और कोरोना जांच की संख्या में तेजी लाई जाए। बैठक में उन्होंने ऐलोपैथिक चिकित्सालय सिवाल पाबौ में चिकित्सक की नियुक्ति के बाद भी अस्पताल में चिकित्सक न होने पर नाराजगी जताई। इस पर अधिकारियों ने कहा कि कोटद्वार में कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से चिकित्सक की तैनाती कोटद्वार के अस्पताल में की गई है। स्थिति सामान्य होने के बाद ऐलोपैथिक चिकित्सालय में चिकित्सक की नियुक्ति कर दी जाएगी।
बैठक में मंत्री ने कहा कि कोविड की रिपोर्ट समय से नहीं मिल रही है। जिसे समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि पाबौ ब्लॉक के चंपेश्वर और सिवाल उपकेंद्रों में कोरोना जांच बढ़ाई जाए।
इसके अलावा क्वारंटीन सेंटरों में शौचालय, बिजली, पानी और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने बैजरों और चौबट्टाखाल में लोगों को पीलिया और हेपेटाइटिस उपकरण खरीदने के लिए 13 लाख रुपये दिए। वहीं सतपुली के चिकित्सा केंद्र में अल्ट्रासाउंड लगाने के लिए अधिकारियों से प्रस्ताव मांगा।