फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Virus : संक्रमण को देखते हुए उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा रद्द

Sat, 21 Mar 2020 09:50 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : pexels.com
विज्ञापन
उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद की परिषदीय परीक्षा 2020 को स्थगित कर दिया गया है। प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए शासन ने शनिवार को यह आदेश जारी कर दिया। शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि लिखित परीक्षा अग्रिम आदेशों तक के लिए स्थगित की गई है।
विज्ञापन


उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा के लिए 13 सौ से अधिक परीक्षा केंद्रों में 2 लाख 71 हजार से अधिक हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र परीक्षा दे रहे हैं। 25 मार्च को अंतिम पेपर होना था, लेकिन शासन की ओर से 23, 24 और 25 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है।

शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम की ओर से निदेशक माध्यमिक शिक्षा को जारी आदेश में कहा गया है कि कोरोना वायरस का प्रकोप फैलने के कारण परीक्षाओं को लेकर बच्चों के अभिभावकों व कक्ष निरीक्षकों द्वारा चिंता व्यक्त की जा रही है कि बच्चों की मनोदशा प्रभावित हो रही है।
विज्ञापन


उधर, शिक्षा सचिव ने 15 मार्च 2020 के शासनादेश का हवाला देते हुए कहा कि कोरोना वायरस से बचाव और रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्हें इस संबंध में निर्देश हुआ है कि परीक्षा को अग्रिम आदेशों तक के लिए स्थगित किया जाए। वहीं, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे का कहना है कि उनकी शनिवार
सुबह इस संबंध में मुख्यमंत्री से बात हुई थी, जिसके बाद परीक्षा को स्थगित कराने का निर्णय लिया गया है।

उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी स्थगित

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की परिषदीय परीक्षा 2020 की उत्तर पुस्तिकाओं के एक अप्रैल से प्रस्तावित मूल्यांकन को भी स्थगित कर दिया गया है। इस दौरान शिक्षकों की ट्रेनिंग भी स्थगित कर दी गई है। शासन की ओर से इसका आदेश जारी किया गया है।

शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम की ओर से शनिवार को जारी आदेश में कहा गया है कि उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं का मूल्यांकन 1 से 15 अप्रैल के बीच प्रस्तावित था, लेकिन कोरोना वायरस की रोकथाम और बचाव के लिए जारी निर्देशों को देखते हुए विद्यालय शिक्षा परिषद रामनगर नैनीताल द्वारा संचालित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2020 की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन स्थगित किया जाता है।

शिक्षा सचिव ने कहा कि इस संबंध में सचिव उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद रामनगर को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अब मूल्यांकन की तिथि बाद में तय की जाएगी।

छुट्टी के बावजूद खुले दो स्कूलों को नोटिस

कोरोना के खतरे को देखते हुुए कराई गई छुट्टी के बाद भी देहरादून के कुछ स्कूल खुल रहे हैं। ऐसे ही दो स्कूलों को मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) आशारानी पैन्यूली ने शनिवार को नोटिस जारी किए। उन्होंने तत्काल स्कूल बंद कराए और दोबारा खोलने पर प्रबंधकों को मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी।

प्रदेश सरकार ने कोरोना से बचाव के लिए सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को 31 मार्च तक बंद करने के निर्देश दिए हैं। उसके बावजूद कुछ स्कूल संचालक छुट्टियां नहीं कर रहे हैं। शनिवार को मोहनपुर, प्रेमनगर स्थित दून लॉरेल्स एकेडमी और भगवंतपुर सलान गांव स्थित जॉन मार्टिन स्कूल में नियमित कक्षाएं संचालित होने की जानकारी मिली। इस पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आशारानी पैन्यूली ने खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सहसपुर पंकज शर्मा को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जांच के दौरान दोनों स्कूल खुले मिले। इस पर बीईओ ने तत्काल दोनों स्कूलों को बंद कराया और दोबारा खोलने पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि स्कूल खोलकर प्रबंधन बच्चों और शिक्षकों की जान खतरे में डाल रहा है।
विज्ञापन

बोर्डिंग स्कूलों में चल रही कक्षाएं

छुट्टी होने और चेतावनी के बाद भी शहर के कुछ बोर्डिंग स्कूल कक्षाएं चला रहे हैं। सहस्त्रधारा रोड स्थित एक ऐसे ही स्कूल की शिकायत शनिवार को डीएम डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव और सीईओ आशारानी पैन्यूली के पास पहुंची।

यहां नौवीं और 11वीं की कक्षाएं चल रही हैं। जिलाधिकारी ने सीईओ को तुरंत इनका संचालन बंद कराने और स्कूल के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, अन्य बोर्डिंग स्कूल को भी हॉस्टल में किसी तरह की गतिविधि आयोजित न करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें