कॉर्बेट नेशनल पार्क में जंगल भ्रमण को आए अमेरिका के 10 सैलानियों का कॉर्बेट प्रशासन ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। रिपोर्ट सामान्य होने पर उन्हें जंगल सफारी को भेजा गया। नैनीताल जिलाधिकारी ने कोरोना से निपटने और इससे प्रभावित मरीजों को त्वरित इलाज उपलब्ध कराने के लिए आपदा मद से 25 लाख मंजूर किए हैं। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ जिले के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दीं हैं।
पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण के भय के साथ खराब मौसम की वजह से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी कम है। कोरोना वायरस के खतरे के चलते बनबसा स्थित सैनिक छावनी कैंटीन अगले आदेश तक बंद कर दी गई है। पोल्ट्री कारोबार पर भी कोरोना का असर साफ दिखाई दे रहा है। 200 रुपये किलो बिकने वाला चिकन 70 से 100 रुपये किलो बिक रहा है। इसके बावजूद खरीदारों की संख्या काफी कम है।
द्वाराहाट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर तपन शर्मा ने बताया कि प्रशासन के निर्देश पर आश्रम, होटल एवं धार्मिक स्थलों में बाहर से आने वाले यात्रियों और भक्तों की सूचना देना अनिवार्य है। उसके बाद उनकी विधिवत जांच की जा रही है। योगदा आश्रम ने भक्तों के आश्रम में आने पर फिलहाल रोक लगा दी है। इस दौरान वहां जर्मनी से पहुंचीं वरटिन वेहरिम (40) के स्वास्थ्य की जांच की गई। एक माह तक केरल में रुकने के बाद वह 29 फरवरी से योगदा आश्रम में रह रहीं हैं। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान कोई भी वायरस नहीं पाया गया।