फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना: तीन संदिग्ध दून अस्पताल में भर्ती, नैनीताल में 31 मार्च तक होटल बंद

Thu, 19 Mar 2020 03:47 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना से संक्रमित ट्रेनी आईएफएस की हालत अब सामान्य है। तीन कोरोना संदिग्धों को आज दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन


वहीं दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना से संक्रमित ट्रेनी आईएफएस की हालत अब सामान्य है। विशेषज्ञ चिकित्सक उनकी देखरेख में जुटे हैं। अस्पताल में भर्ती आठ संदिग्ध मरीजों का भी स्वास्थ्य सामान्य है। कोरोनेशन अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती पाचं कोरोना के संदिग्ध छात्रों की हालत भी सामान्य है। बता दें कि उत्तराखंड में केवल एक कोरोना पॉजिटिव केस सामने आया है।

 

दून अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर एनएस खत्री के मुताबिक अस्पताल में आठ संदिग्ध भर्ती हैं। इसके अलावा खांसी, जुखाम, बुखार के मरीज लगातार आ रहे हैं। फिजीशियन मरीज देख रहे हैं।

मसूरी में कोरोनावायरस को लेकर प्रशासन अलर्ट नहीं है। मसूरी में आ रहे पर्यटकों पर किसी प्रकार की कोई नजर नहीं रखी जा रही है। नायब तहसीलदार पूरन सिंह तोमर द्वारा मसूरी के बस अड्डे, टैक्सी स्टैंड और मसूरी के मुख्य द्वार कोलूखेत पर निरीक्षण किया गया। जिसमें यह पाया कि बाहर से आने वाले लोगों की जांच नहीं हो रही है। नायब तहसीलदार ने सभी लोगों को सैनेटाइजर रखने और मास्क पहनने के निर्देश दिए हैं।

विज्ञापन


नैनीताल के होटल बंद
कोरोना के संक्रमण के चलते नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने शुक्रवार से 31 मार्च तक सभी होटलों को बंद रखने का फैसला लिया है। यानी शुक्रवार से नैनीताल में सैलानियों को होटलों में कमरे उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे।

नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश साह ने बताया कि दुनिया के कई देशों में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसे देखते हुए एसोसिएशन के सदस्यों को पत्र जारी किया है कि वह 20 से 31 मार्च तक होटलों में किसी भी सैलानी को प्रवेश न दें और होटलों को बंद रखें। 31 मार्च के बाद कोरोना को लेकर देश दुनिया में क्या परिस्थितियां पैदा होती हैं, इसे देखने के बाद होटल खोलने या बंद रखने के बारे में निर्णय लिया जाएगा।

जो होटल व्यवसायी एसोसिएशन से नहीं जुड़े हैं वह इस बाबत फैसला लेने को स्वतंत्र हैं। इधर, होटल व्यवसायीवेद साह ने एसोसिएशन के फैसले को उचित करार दिया। बता दें कि नगर में होटल और रेस्टोरेंट की संख्या पांच सौ से अधिक है। बावजूद नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन से केवल 116 होटल व्यवसायी ही जुड़े हैं। ऐसे में गैर पंजीकृत होटल स्वामी अपने होटलों को बंद करते हैं या नहीं यह साफ नहीं है। 

गर्जिया मंदिर 31 मार्च तक बंद, नैनीताल के होटलों में लॉक डाउन

नैनीताल में खुर्पाताल निवासी दो कोरोना संदिग्धों की जांच  बीडी पांडे अस्पताल में की गई। दोनों हाल ही में दुबई से लौटे हैं। जांच में कोरोना का कोई लक्षण नहीं पाया गया। दोनों को घर पर ही आइसोलेट कर दिया गया है। रामनगर का गर्जिया मंदिर भी 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है। देहरादून का प्राचीन गौतम कुंड मंदिर भी बंद कर दिया गया है।

नैनीताल में शुक्रवार से होटलों में पर्यटकों को कमरे नहीं दिए जाएंगे। 21 मार्च से 31 मार्च तक समस्त होटलों में लॉक डाउन रहेगा। होटल एसोसिएशन से जुड़े रेस्टोरेंट्स भी बंद रहेंगे। कुमाऊं विवि की पांच अप्रैल को होने वाली पीएचडी प्रवेश परीक्षा पोस्टपोन कर दी गई है। अब परीक्षा 19 अप्रैल को होगी। गढ़वाल विवि 25 मार्च तक बंद कर दिया गया है।

रामनगर में 15 रिजॉर्ट को बंद करने की तैयारी
कोरोना वायरस की वजह से 17 मार्च को कॉर्बेट नेशनल पार्क 31 मार्च तक बंद किया जा चुका है। जल्द ही यहां के 15 रिजॉर्ट भी बंद किए जाएंगे। इस बारे में बृहस्पतिवार को क्यारी में होटल एवं रिजॉर्ट एसोसिएशन की बैठक में फैसला लिया गया। एसोसिएशन अध्यक्ष हरि सिंह मान ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि रिजॉर्ट में 40 से अधिक लोगों को एंट्री नहीं दी जाएगी। कोरोना को देखते हुए रिजॉर्ट में कांफ्रेंस, स्पा, स्विमिंग पूल आदि पर रोक लगा दी है। बैठक में घर भेजे गए कर्मचारियों को वेतन देने पर भी सहमति बनी। कहा कि जब तक कोरोना संक्रमण थमता नहीं तब तक रिजॉर्ट मालिक वर्करों को वेतन देते रहेंगे। 

केव गार्डन बंद, पंत पार्क में नहीं लगेंगी दुकानें 

कुमाऊं मंडल विकास निगम ने सूखाताल स्थित केव गार्डन को बंद करने का फैसला लिया है। दूसरी ओर नगर पालिका ने पंत पार्क में लगने वाली अस्थायी दुकानों पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। केएमवीएन के महाप्रबंधक अशोक जोशी और नगर पालिका के ईओ अशोक कुमार वर्मा ने यह जानकारी दी।

सैलानियों के लिए खुले हैं केएमवीएन के गेस्ट हाउस
कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के पर्यटक आवास गृह फिलहाल सैलानियों के लिए खुले हैं। इस संबंध में निगम के प्रबंध निदेशक रोहित मीणा ने बताया कि पिछले दिनों कैबिनेट ने निर्णय लिया था कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए जरूरत पड़ने पर सरकार कुमाऊं और गढ़वाल मंडल विकास निगम के पर्यटक आवास गृहों को अपनी सुविधानुसार उपयोग कर सकती है। इसे देखते हुए ही निगम के सभी पर्यटक आवास गृह खुले हुए हैं। प्रबंध निदेशक मीणा ने बताया कि पर्यटक आवास गृह सैलानियों के भी खुले हुए हैं।

आर्मी गेस्ट हाउस में 15 अप्रैल तक सभी बुकिंग निरस्त
तल्लीताल स्थित आर्मी गेस्ट हाउस प्रबंधन ने 15 अप्रैल तक सभी बुकिंग निरस्त कर दी हैं। आर्मी गेस्ट हाउस प्रबंधन ने इस संबंध में गेस्ट हाउस को जाने वाले रास्ते के मुख्य द्वार पर दो नोटिस चस्पा किए हैं। हालांकि नोटिस में कोरोना संक्रमण का उल्लेख नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि वायरस के संक्रमण को देखते हुए ही गेस्ट हाउस प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है।

देहरादून पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने कोरोना वायरस को लेकर अफवाहों पर अंकुश लगाने के लिए एक हेल्प लाइन नंबर जारी कर दिया है। उन्हाेंने लोगाें से अफवाह की सत्यता जानने को 9412080720 पर मेसेज भेजकर पुष्टि करने का अनुरोध किया।

साथ ही आम लोग मेसेज कर अपने सवालों के जवाब भी पा सकते हैं। यह व्हाट्सएप नंबर 24 घंटे काम करेगा। उन्हाेंने कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस की पूरी नजर है। भ्रामक मैसेज भेजने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

31 मार्च तक हैड़ाखान मंदिर और गर्जिया मंदिर बंद, मेला स्थगित

भीमताल के हैड़ाखान मंदिर को 31 मार्च तक पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। मंदिर बंद होने से 25 मार्च से होने वाला नवरात्रि मेला भी स्थगित कर दिया गया है। मंदिर के व्यवस्थापक रागवेंद्र सिंह सम्मल ने बताया कि सरकार और जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत 31 मार्च तक मंदिर बंद कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि मंदिर में रह रहे रूस, इटली, जर्मनी, स्विट्जरलैंड, ब्राजील सहित अन्य देशों के 60 विदेशी पर्यटकों को मंदिर खाली करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। रागवेंद्र ने बताया कि मंदिर में 10 दिन पूर्व ही सैलानियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। बता दें कि हैड़ाखान मंदिर में हर वर्ष सैकड़ों विदेशी पर्यटकों की आवाजाही रहती है।

अल्मोड़ा में चोखुटिया के अगनेरी मंदिर में लगने वाला पांच दिवसीय मेला स्थगित कर दिया गया है। यह मेला आगामी 28 मार्च से 01 अप्रैल तक लगने वाला था। रामनगर का गर्जिया मंदिर भी 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है। मन्दिर समिति के अध्यक्ष कुबेर सिंह अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें