कोरोना से जंग में वैक्सीन लेने का उत्साह सबसे ज्यादा 40 से 60 आयु वर्ग वालों में नजर आ रहा है। वहीं, आबादी में भले ही हरिद्वार आगे हो लेकिन देहरादून में सर्वाधिक लोगों ने कोरोना की वैक्सीन ली है। इस फेहरिस्त में रुद्रप्रयाग जिला सबसे निचले पायदान पर है।
प्रदेश में 77.8 फीसदी लोगों को वैक्सीन की पहली डोज मिली है जबकि 22.2 फीसदी लोगों को ही अभी तक दूसरी डोज मिल पाई है। अब तक प्रदेश में कुल 12 लाख 47 हजार 548 यानी 51.6 प्रतिशत पुरुषों और 11 लाख 69 हजार 695 यानी 48.4 प्रतिशत महिलाओं को कोरोना का टीका लगा है। प्रदेश में 96.1 फीसदी लोगों को कोविशील्ड और 3.9 फीसदी लोगों को कोवाक्सिन दी गई है।
सरकार के स्तर से चल रहा टीकाकरण
प्रदेश में कोरोना टीकाकरण का अभियान पूरी तरह से सरकारी इंतजामों पर ही निर्भर है। सूबे में केवल 2.3 फीसदी ही निजी टीकाकरण केंद्र हैं।
जिलावार टीकाकरण की स्थिति
रैंक जिला पहली डोज दूसरी डोज कुल लाभार्थी
1- देहरादून 505586 157063 662649
2- हरिद्वार 340553 91049 431602
3- यूएस नगर 264327 62400 326727
4- नैनीताल 239276 68398 307674
5- पौड़ी गढ़वाल 174762 46631 221393
6- अल्मोड़ा 165745 44780 210525
7- टिहरी गढ़वाल 142026 41168 183194
8- चमोली 123056 38267 161323
9- उत्तरकाशी 103575 44801 148376
10- पिथौरागढ़ 109302 28660 137962
11- बागेश्वर 86230 26827 113057
12- चंपावत 82769 19528 102297
13- रुद्रप्रयाग 80588 19731 100319
(आठ जून को दोपहर तीन बजे तक का आंकड़ा)
टीका ही बचाएगा अभियान में कई पाठकों ने भेजी अपनी रचनाएं
आओ लगा के टीका, बीमारी को कर दें फीका
- आशीष, श्रीनगर गढ़वाल
टीकाकरण का उद्देश्य, सभी नागरिकों का संपूर्ण स्वास्थ्य
-टीबी कार्की, सुभाषनगर, देहरादून
मालिक तो महान है, चमचों से परेशान है, लगा लो कोरोना काटीका, बचने का यही समाधान है।
-वीरू बिष्ट, प्रेमनगर, देहरादून
चलती है गाड़ी, उड़ती है धूल, वैक्सीन लगवा लो, वरना होगीबड़ी भूल।
-दिनेश थलेड़ी, स्मिथनगर, देहरादून
मुश्किल ये वक्त भी गुजर जाएगा, टीका लगवा लोगे तो कोरोनाभी मर जाएगा।
- रंजना जजोरा, इंजीनियर्स एन्क्लेव, देहरादून
बच्चा, बूढ़ा और जवान, टीका बचाएगा हम सबकी जान
- अशोक कुमार, जाखन, देहरादून।
खोलकर सुनलो कान, बस टीका ही बचाएगा जान
- जीवन तिवारी,अजबपुर, देहरादून
नाविक निकाले तूफान से कश्ती, टीका लगवालो, जीवन में रहेगीमस्ती
- सुनीता मित्तल, खन्ना नगर
टीका लगवाना है रक्षक जीवन, बच्चा हो या बूढ़ा-जवान।
-सरिता, जाखन, देहरादून
कोरोना से बचाव आसान, बस बात रखो ये ध्यान में, शामिल हो जाओ साथी तुम भी, टीकाकरण अभियान में
- दिनेश जोशी
टीका दे बेहतर सुरक्षा, कोविड से करे जीवन रक्षा
- महेंद्रकुमार
जीवनदायी कोविड टीका है, संकोच कैसा, लगवालें टीका है
-सत्येंद्र कुमार, शिवालिक नगर, हरिद्वार
शफकत अली ने जागरूक किया तो पिरान कलियर में लगे 200 टीके
कोरोना टीके को लेकर जागरूकता जगाने के लिए मुस्लिम समाज के भी कुछ प्रबुद्ध लोग आगे आए हैं। उन्होंने इसके प्रति भ्रांतियों को दूर करने में अहम भूमिका निभाई है। उसका नतीजा यह हुआ है कि मुस्लिम बहुल क्षेत्र में वैक्सीनेशन बढ़ने लगा है। मंगलवार को लंढौरा में 250 से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन हुआ, जबकि पिरान कलियर में नगर पंचायत प्रतिनिधि शफक्कत अली के सहयोग से 200 से अधिक टीकाकरण कराने में सफलता मिली। इसके अलावा मंगलौर में 150 से अधिक टीकाकरण कराया गया है। सोमवार को एक मुफ्ती ने लोगों को टीका लगवाने की अपील की थी। इसका भी खासा असर हुआ था।
न पेंशन मिलेगी और न ही जा सकेंगे विदेश
अपर उपजिलाधिकारी पूरण सिंह राणा ने बताया कि क्षेत्र में कराए गए सर्वे के अनुसार करीब 36 हजार पेंशनर्स हैं। इन सभी का सत्यापन कराया जाएगा। टीकाकरण नहीं कराने वाले लोगों की पेंशन रोकी जा सकती है। वहीं सऊदी व अन्य देशों ने एलान कर दिया है कि टीकाकरण के बिना उन्हें वीजा नहीं मिलेगा, ऐसे में विदेश जाने वाले लोगों पर भी पाबंदी लग जाएगी।
जागरूकता जगाएगा अमर उजाला का अभियान
यह प्रसन्नता का विषय है कि अमर उजाला समाचार पत्र द्वारा आम जनता में कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण के प्रति जागरूकता एवं सक्रिय भागीदारी के लिए ‘टीका ही बचाएगा’ अभियान की शुरुआत की है। वैश्विक महामारी कोरोना की दूसरी लहर से राज्यवासियों को राहत पहुंचाने के लिए पिछले डेढ़-दो माह में राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं को कई गुना बेहतर बनाया गया है। अब राज्य में ऑक्सीजन, वेंटिलेटर आईसीयू और ऑक्सीजन बेड की पर्याप्त उपलब्धता है। कोरोना महामारी की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए राज्य सरकार द्वारा की गई कारगर पहल का ही परिणाम है कि राज्य में इसका प्रभाव कम होने लगा है। भविष्य की संभावित कोरोना लहर का सामना करने के लिए और भी तैयारियां जारी है। मेरी प्रदेश वासियों से अपील है कि वे कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण अवश्य कराएं। कोरोना की बीमारी से बचाव में यह टीका हमारा सुरक्षा कवच है। मुझे विश्वास है कि अमर उजाला द्वारा चलाया जा रहा ‘टीका ही बचाएगा’ अभियान लोगों में टीकाकरण के प्रति जागरूकता के प्रसार में मददगार होगा।
- तीरथ सिंह रावत, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड सरकार