देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इससे मसूरी में स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में सैलानी मसूरी आएंगे। ऐसे में संक्रमण का खतरा है। शहर में क्रिसमस से लेकर 31 दिसंबर तक भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ज्यादातर होटलों में बुकिंग हो गई है। उप जिला चिकित्सालय लंढौर में सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। उप जिला चिकित्सालय लंढौर के सीएमएस डॉ. यतेन्द्र सिंह ने बताया कि जितने भी खांसी, जुकाम के मरीज हैं उनकी विशेष निगरानी होगी। जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भर्ती किया जाएगा। कहा अस्पताल में ऑक्सीजन सिलिंडर पर्याप्त मात्रा में है। सरकार से मिलने वाले सभी दिशा निर्देश के पालन किया जाएगा।