स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के यूपी बॉर्डर से आने वाले यात्रियों की फिर से कोरोना की जांच शुरू कर दी है। बॉर्डर पर बाहरी राज्यों से आ रहे हर व्यक्ति की जांच की जा रही है।
बाहरी प्रदेशों से बिना कोरोना निगेटिव रिपोर्ट के हरिद्वार आने वाले यात्रियों को बॉर्डर से लौटाया जा रहा है। वहीं, खानपुर क्षेत्र के दोनों बॉर्डर पर कोरोना जांच नहीं होने से भी ऐसे यात्रियों को राहत नहीं मिल पा रही थी। खानपुर-पुरकाजी और बालावाली-मंडावर बॉर्डर पर पिछले एक महीने से कोरोना जांच ठप पड़ी थी। लोगों की परेशानियों को देखते हुए अमर उजाला ने सात जुलाई के अंक में इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
अब स्वास्थ्य विभाग ने इसका संज्ञान लेते हुए बॉर्डर पर कोरोना जांच शुरू कर दी है। खानपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. विनीत कुमार ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार, बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों को 72 घंटे पहले की कोरोना निगेटिव जांच रिपोर्ट लानी अनिवार्य है। यदि कोई किसी कारण से कोरोना जांच नहीं करा पाया है तो उसके लिए बॉर्डर पर ही जांच की व्यवस्था कर दी गई है। उन्होंने बताया कि बॉर्डर पर रोजना करीब 50 से अधिक लोगों की जांच की जा रही है।