स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर से लड़ने के लिए निजी अस्पताल भी तैयार रहें। संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाया जाए। अटल आयुष्मान गोल्डन कार्ड में आने वाली दिक्कतों को सरकार दूर करेगी।
स्वास्थ्य विभाग की कमान संभालने के बाद मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को विधानसभा स्थित सभाकक्ष में निजी अस्पतालों और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर में बच्चों पर संक्रमण का ज्यादा प्रभाव रहने की संभावना है। इसे देखते हुए निजी अस्पताल तीसरी लहर से लड़ने को तैयार रहें।
बैठक में निजी अस्पताल संचालकों व आईएमए पदाधिकारियों ने उपचार के दौरान आयुष्मान गोल्डन कार्ड के उपयोग में आ रही समस्याओं को विभागीय मंत्री के समक्ष रखा। इस मांग पर मंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से सूचीबद्ध अस्पतालों में कार्ड धारकों को उपचार के दौरान आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को शीघ्र दूर करने के लिए उच्च स्तर पर अधिकारियों की बैठक की जाएगी। इसके लिए उन्होंने दूरभाष पर ही स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी को निर्देश दिए।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने निजी अस्पताल संचालकों को हर परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने आईएमए के पदाधिकारियों से भी समय-समय पर सरकार को जन उपयोगी सुझाव देने और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आम जन तक पहुंचाने के लिए सहयोग करने की अपेक्षा की है।
आईएमए और निजी अस्पतालों ने डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ होने वाली अप्रिय घटनाओं पर रोक लगाने के लिए उत्तराखंड चिकित्सा परिचर्या सेवा कर्मी एवं सेवा संस्था अधिनियम को प्रभावी तरीके से लागू करने की मांग की है। जिस पर विभागीय मंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार द्वारा इस संबंध में शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।