वन मंत्रालय ने अब कोटद्वार के पाखरों गेट से कार्बेट टाइगर रिजर्व के लिए ऑनलाइन प्रवेश की व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया है। विधानसभा में वन विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में यह फैसला किया गया।
वन मंत्री हरक सिंह ने बताया कि वन्य जीवन को समीप से देखने हेतु कोटद्वार स्थित हल्दू पड़ाव में विद्यार्थियों, शोधार्थियों के लिए डोरमेट्री का संचालन किया गया है। यह व्यवस्था पहले भी लागू थी, लेकिन बाद में बंद कर दी गई।
वन मंत्री के मुताबिक पाखरों गेट से कार्बेट में प्रवेश की व्यवस्था कुछ समय पहले ही शुरू की गई थी। अब तय किया गया है कि इस गेट को और अधिक प्रचारित किया जाए। इसके लिए कार्बेट की वेबसाइट पर इसको प्रमुखता से दर्शाया गया है।
नेशनल पार्कों में गाइडों को कौशल विकास के माध्यम से उच्च कुशल प्रशिक्षण प्रदान कर पर्यटकों को वन्यजीवों के संबंध में जागरूक भी किया जाएगा। इससे मानव और वन्यजीवों के मध्य संघर्ष को कम किया जा सकेगा।