स्वागती कक्ष से करंट बुकिंग कराई जा सकती है
- फोटो : अमर उजाला
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) का बिजरानी जोन 15 अक्तूबर से पर्यटकों के लिए खुल रहा है। इसके लिए पहले ही शुरू हो चुकी ऑनलाइन एडवांस बुकिंग 31 तारीख तक फुल बताई गई है। बुकिंग निरस्त होने पर सीटीआर के स्वागती कक्ष से करंट बुकिंग कराई जा सकती है।
सीटीआर के उपनिदेशक अमित वर्मा ने बताया कि बिजरानी जोन में सुबह, शाम दो पालियों में 30-30 जिप्सियां जाएंगी। 15 जून से बंद सीटीआर का सर्वाधिक लोकप्रिय धनगढ़ी ढिकाला जोन और दुर्गादेवी गेट से जुड़ा दोमुंडा जोन 15 नवंबर को खुलना है, जबकि कच्ची सड़क में वाहन चलने योग्य रहने पर सीटीआर की दक्षिणी सीमा पर ढेला, झिरना जोन में पर्यटक सालभर दिवसीय भ्रमण कर सकते हैं।
हाईकोर्ट के आदेश पर हाथी की सफारी बंद है। सीटीआर प्रशासन की ओर से कोई अतिरिक्त इवेंट भी नहीं जोड़ा गया है। स्कूलों में पढ़ाए जाने वाले प्रख्यात शिकारी जिम कॉर्बेट से जुड़ाव, एशिया का पहला संरक्षित क्षेत्र होने के कारण ईको टूरिज्म में रुचि रखने वाले पर्यटक कॉर्बेट नेशनल पार्क में घूमने के लिए उत्सुक रहते हैं। इसी कारण ने पर्यटकों ने एक सप्ताह के अंदर ही 31 अक्तूबर तक की बुकिंग फुल करवा दी है।