I
Iवीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) से संबद्ध संस्थानों के उन शिक्षकों ने परीक्षा की कॉपी जांच दी, जिनकी योग्यता उस विषय की थी ही नहीं। ऐसे में विवि ने शिक्षकों के कार्य को निरस्त कर दिया है और फिर से कॉपियों की जांच की जाएगी।I
Iइस संबंध में विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. वीके पटेल की ओर से सभी संबद्ध संस्थानों के निदेशक व प्राचार्याें को पत्र लिखा गया है। उन्होंने बताया कि पहले भी संस्थाओं को निर्देशित किया गया था कि न्यूनतम अर्हता (योग्यता) रखने वाले शिक्षकों को परीक्षा मूल्यांकन के कार्य में लगाए जाने के लिए नामित न किया जाए। बावजूद इसके संस्थानों ने उन शिक्षकों को कॉपी जांचने में लगा दिया। अब विवि की ओर से उन सभी शिक्षकों के कार्य को निरस्त कर दिया है। साथ ही इन शिक्षकों को किसी प्रकार का कोई भुगतान भी नहीं किया जाएगा। इसके अलावा संबंधित संस्थान के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। फिर नए सिरे से परीक्षा मूल्यांकन के लिए संस्थानों को योग्य शिक्षकों को नामित करना होगा।I