भाजपा के इस कैबिनेट मंत्री के बेटे और बहु पर राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने मंत्री और पार्टी पर भी कई आरोप लगाए हैं।
उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक से कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के बेटे और बहू ने नियमों को ताक पर रखकर 50-50 लाख रुपये का ऋण निकाला। मजेदार बात यह है कि जब यह ऋण निकाला गया तब प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार थी।
प्रमोद कुमार सिंह ने कहा नियमानुसार बैंक के अध्यक्ष और निदेशक न तो ऋण ले सकते हैं न ही अपने रिश्तेदारों को बैंक में नौकरी लगा सकते हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह राज्य सहकारी संघ पर कब्जा करने की मंशा से सहकारी समितियों को समाप्त करने पर आमादा है।
वह कांग्रेस भवन में मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सहकारी बैंक से उन निदेशकों को नहीं हटाया जिन्होंने अपने रिश्तेदारों को नौकरी लगा रखा है। उन्होंने बताया कि नैनीताल सहकारी बैंक की निदेशक किरण नेगी के बेटे अमित सिंह नेगी बैंक में नौकरी कर रहे हैं।
उत्तरकाशी सहकारी बैंक की निदेशक बर्फी भक्ति के बेटे जितेंद्र भक्ति व दामाद प्रवीण कुमार को संविदा पर नौकरी दी गई है। नैनीताल सहकारी बैंक के निदेशक नवीन पंत ने सड़क को गिरवी रख कर बैंक से ऋण ले लिया।