सहसपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर में एक ठेकेदार और उसके दो पुत्रों ने एक व्यक्ति पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव में आईं घर की महिलाओं से भी अभद्रता की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर ठेकेदार और उसके दो पुत्रों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में फतेहपुर पश्चिम की नई हरबर्टपुर कॉलोनी निवासी तेजपाल सिंह ऊर्फ सुभाष सैनी ने बताया कि आसन बाग हरबर्टपुर निवासी रईस ने मेरे घर के पीछे आम के बाग को ठेके पर लिया हुआ है। बताया कि रईस घर के सामने सार्वजनिक सड़क को पेटियां लगाकर बंद करता था। आपत्ति जताने पर वह रंजिश रखता था। शनिवार की शाम करीब छह बजे रईस अपने बेटों राहिल और फरीद के साथ तलवार, चापड और रॉड लेकर घर में घुस आया। सभी ने हमला कर दिया। परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता भी की। उसके बाद जान से मारने की धमकी देकर चले गए। सहसपुर थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक वैभव गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।