साहिया में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करती तहसील प्रशासन की टीम।
- फोटो : VIKAS NAGAR
तहसील प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर साहिया बाजार में पुल और सड़क का निरीक्षण किया।
इस दौरान यह बात प्रकाश में आई कि अभिलेखों में सड़क और पुल की चौड़ाई 12 मीटर दर्ज है जबकि, वास्तविकता में अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई 10 मीटर से भी कम बची है। ऐसे में तहसील प्रशासन ने पुल निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त करने की बात कही है जबकि, इससे पूर्व लोनिवि के अधिकारियों ने सड़क के 10 मीटर के दायरे में आने वाले अतिक्रमण को तोड़ने की बात कही थी। तहसील प्रशासन के 12 मीटर की परिधि में आने वाले अतिक्रमण को तोड़ने की बात कहने से सड़क के दोनों ओर बसे लोगों की नींद उड़ गई है। यदि तहसील और लोनिवि 12 मीटर की परिधि में आने वाली दुकानों को ध्वस्त करता है तो कई निर्माण कार्य इस की जद में आ सकते हैं।
राजस्व उपनिरीक्षक जयलाल शर्मा ने बताया कि सड़क पर अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में पुल निर्माण कार्य पूरा होने के बाद डिमार्केशन (निर्धारीकरण) कर सड़क की 12 मीटर परिधि में आने वाले निर्माण कार्यों को ध्वस्त किया जाएगा।