तत्कालीन राज्यसभा सांसद राज बब्बर की सांसद निधि में गबन के आरोप में चकराता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में वांछित चल रहे ''इंडिया प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन कोऑपरेटिव लिमिटेड'' के महाप्रबंधक (जीएम) प्रदीप गोयल को शुक्रवार को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी था, जिसके बाद उसे अदालत में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
दरअसल, चकराता तहसील के राजस्व क्षेत्र खबोऊ में वर्ष 2019 में सांसद निधि की धनराशि के कथित गबन का मामला सामने आया था। इस प्रकरण की विवेचना बाद में चकराता पुलिस को सौंपी गई थी। कोतवाली प्रभारी बीएल भारती ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही मूल रूप से प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) निवासी आरोपी महाप्रबंधक प्रदीप गोयल फरार चल रहा था।
Dehradun: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बलिदानी अमित अंथवाल के घर पहुंचे सीएम धामी, भावुक हुए परिजन
अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी के प्रतापगढ़ स्थित पुराने पते पर दबिश दी थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने पतारसी, सुरागरसी और सर्विलांस का सहारा लिया, जिससे आरोपी के लखनऊ में छिपे होने की जानकारी मिली। सटीक लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम ने लखनऊ के अर्जुनगंज स्थित शांति एन्क्लेव में दबिश देकर आरोपी जीएम को धर दबोचा।