देहरादून में एक पुलिस इंस्पेक्टर ने पुलिस कांस्टेबल को इतना परेशान किया कि उसने इस्तीफा दे दिया। कांस्टेबल ने उक्त इंस्पेक्टर पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए डीआईजी अमित सिन्हा को इस्तीफा सौंपा है।
तस्करों से साठगांठ होने के आरोप
कांस्टेबल ने इस्पेक्टर पर शराब तस्करों से साठगांठ होने के आरोप लगाए हैं। डीआईजी ने इस्तीफा नामंजूर कर एसपी देहात ममता बोहरा को जांच के आदेश दिए हैं। कांस्टेबल ने शिकायत में कहा है कि उसने जुलाई में इस कोतवाली में रहते हुए 25 पेटी शराब के साथ कार सवार तस्कर को गिरफ्तार किया था।
इस पर इंस्पेक्टर ने अभद्र व्यवहार किया। भविष्य में उनकी इजाजत के बिना क्षेत्र में किसी भी शराब तस्कर को न पकड़ने की धमकी दी। इंस्पेक्टर ने अधिकारियों को गलत जानकारी देकर सिपाही का ट्रांसफर भी करा दिया। कांस्टेबल ने दूसरे थाने में आमद करा दी। लेकिन जब कांस्टेबल वहां सामान लेने गया तो आरोपी इंस्पेक्टर ने कांस्टेबल को जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत पत्र देकर इस्तीफा सौंपा
आरोप है कि इंस्पेक्टर ने कहा कि अगर इसकी शिकायत अधिकारियों से की तो झूठे मुकदमे में फंसा देगा। इंस्पेक्टर की प्रताड़ना से तंग आकर कांस्टेबल ने डीआईजी गढ़वाल रेंज अमित सिन्हा को शिकायत पत्र देकर इस्तीफा सौंप दिया। डीआईजी अमित सिन्हा ने बताया कि इस्तीफा मंजूर नहीं किया गया है। जांच के बाद कुछ स्प्ष्ट कहा जा सकता है।
फेसबुक पर राय देने के लिए क्लिक करें...