-मुख्य सचिव ने बैठक में दिए सहस्त्रधारा-पूर्णागिरी हवाई सेवा शुरू करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सहस्त्रधारा से पूर्णागिरी के लिए जल्द हवाई सेवा शुरू करें। साथ ही आदि कैलाश, नाभिडांग और जॉलीकांग को हवाई सेवा से जोड़ा जाए।
सीएस ने मंगलवार को सचिवालय में प्राधिकरण की उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी स्कीम के तहत प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। मुख्य सचिव ने आदि कैलाश, नाभिडांग और जॉलीकांग को हवाई सेवा से जोड़े जाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में हवाई सम्पर्क बढ़ाने के प्रयास किए जाएं। पर्यटन सर्किट के विकास के लिए हेलिपैड और हेलीपोर्ट सुविधाओं पर जोर दिया जाए। सचिव सचिन कुर्वे ने कहा कि प्रदेश में हेलिपैड और हेलीपोर्ट विकसित किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही नैनीसैनी एयरपोर्ट को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को हैंड ओवर किया जाएगा। बैठक में अपर सचिव आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।