देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस नेताओं के पार्टी में बड़े पैमाने पर दूसरे दलों के नेताओं के शामिल होने के दावे को हास्यास्पद और पार्टी में चल रहे घमासान से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने तंज किया कि कांग्रेस की असलियत वह व्यक्ति भी जानता है, जिसका राजनीति से कोई सरोकार नहीं है। डूबते जहाज में कोई सवार नहीं होना चाहता है। कांग्रेस पर उनके कार्यकर्ताओं को भी यकीन नहीं है। घर की लड़ाई से ध्यान भटकाने का यह बहुत पुराना तरीका है।
उन्होंने गोदियाल के भाजपा नेताओं के शामिल होने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह पार्टी में मचे घमासान को रोकने में असफल साबित हो रहे हैं। अब नए लोगों के जुड़ने का दावा कर रहे हैं। भाजपा की रीति नीति और सिद्धांत का अनुपालन न करने वाले व्यक्ति का भाजपा से जुड़ाव संभव नहीं। जहां तक पार्टी छोड़ने का प्रश्न है तो इसमें चिंतित कांग्रेस ही है। क्योंकि कई लोग पार्टी छोड़ने की मंशा रखते हैं और कुछ नेता कोप भवन में अवकाश पर चल रहे हैं। ऐसे में मान मनव्वल के लिए हाई कमान की ओर देख रहे अध्यक्ष का बड़े भाजपा नेताओं को शामिल करने का दावा पूरी तरह से हास्यास्पद ही है।