सीवर व पेयजल निर्माण कंपनी के कार्यालय पर प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता। स्रोत दल
- फोटो : संस्थान
सीवर व पेयजल लाइन के निर्माण में अनियमितता व लापरवाही का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्माण कर रही कंपनी ईएमएस के कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया। कंपनी प्रबंधन के दीपावली तक व्यवस्थाओं में सुधार के आश्वासन के बाद धरना स्थगित हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो वह निर्माण कार्य रोक देंगे। शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व सभासद शम्मी प्रकाश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बाईपास स्थित ईएमएस कंपनी कार्यालय पर विरोध-प्रदर्शन किया। कंपनी प्रबंधन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि पिछले छह माह से लोग कंपनी का सहयोग कर रहे हैं, लेकिन कंपनी नागरिकों के लिए असुविधाएं खड़ी कर रही है। हंगामा बढ़ते देख मौके पर पहुंचे कंपनी के अधिशासी अभियंता ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने सभी प्रकार की अव्यवस्थाओं को दीपावली तक ठीक करने का आश्वासन दिया। उन्होंने पूर्व सैन्यकर्मी की मौत के मामले में ठेकेदार पर कार्रवाई करने व मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने का भी आश्वासन दिया। धरना प्रदर्शन करने वालों में सभासद सुमन लता, पूर्व सभासद राजेंद्र बिंजोला, सुभाष चंदेल, राजीव शर्मा आदि उपस्थित रहे। संवाद