दून में क्षमता से अधिक भार लेकर वाहनों के संचालन और प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों ने आरटीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान आरटीओ को ज्ञापन सौंपा गया।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री विनोद सिंह चौहान के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेसी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय पहुंचे। विनोद सिंह चौहान ने कहा कि जिले में चकराता रोड, शिमला बाईपास रोड, हरिद्वार रोड सहित कई मुख्य मार्गों पर क्षमता से अधिक भार लेकर वाहन दौड़ रहे हैं। ये वाहन प्रतिबंधित समय में भी तेज गति से चलाए जा रहे हैं। इसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर में कई बसें ऐसी हैं, जिनकी अनुमति की समय सीमा समाप्त हो चुकी है, उसके बाद भी वह सड़कों पर दौड़ रही हैं। इन डग्गामार बसों में सवारियों को ठूंस-ठूंसकर भरा जा रहा है, जो कभी भी बड़ी दुर्घटना का सबक बन सकता है।
कांग्रेसियों ने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर चल रही इलेक्ट्रिक बसों के ठहराव निर्धारित न होने से आम जनता को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेसियों ने चार सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान निवर्तमान पार्षद आयुष गुप्ता, राहुल शर्मा, मोहन काला, मुकेश गुप्ता, विक्की गोयल, संजय मौर्य, अभिषेक डोबरियाल, दिलशाद, प्रशांत भट्ट, अर्पण सलाल, आशीष, जस्सू, प्रमोद शर्मा, मोहन रावत मौजूद रहे।