अंकिता हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर यमुना कॉलोनी चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन करते का
- जमकर नारेबाजी कर उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के लिए मांगा न्याय
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग के लिए कांग्रेसियों ने सरकार का पुतला जलाकर जमकर प्रदर्शन किया। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण के आवास का घेराव कर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि यह सरकार बेटियों की नहीं, अपराधियों की सरकार है।
शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में कांग्रेसी यमुना कॉलोनी पहुंचे। यहां वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या को तीन साल होने को हैं लेकिन धामी सरकार आज भी हत्यारों के साथ खड़ी दिखाई देती है। कांग्रेस नेता रितेश छेत्री ने कहा कि जो सत्ता में बैठकर चुप है, वह भी इस अपराध में बराबर का भागीदार है। आज सवाल सीधे और कठोर हैं, आखिर किसके आदेश पर वीआईपी रिजॉर्ट को रातों-रात बुलडोजर से मिटाया गया। किसके इशारे पर सबूत जलाए गए, गवाह डराए गए और जांच को भटकाया गया। कांग्रेस नेता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष का नैतिक दायित्व था कि वे इस हत्याकांड पर सरकार से जवाब मांगतीं लेकिन उन्होंने भी राजनीतिक चुप्पी को चुना। यह चुप्पी आज जनता के आक्रोश में बदल चुकी है। कांग्रेस नेता संजय शर्मा ने कहा कि धामी सरकार का पूरा शासनकाल यह साबित करता है कि यह सरकार बेटियों की नहीं, अपराधियों की सरकार है। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, कोमल वोहरा, संगीता गुप्ता, जगदीश धीमान, राज कुमार जायसवाल, राम कुमार थपलियाल, दिनेश कौशल आदि मौजूद रहे।