प्रदेश कांग्रेस ने सानंद की मौत पर तेवर बेहद तल्ख कर लिए हैं। उत्तराखंड कांग्रेस ने भाजपा की राज्य और केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोल दिया हैं।
पार्टी ने कहा है कि सानंद की मौत के लिए केंद्र और राज्य सरकार जिम्मेदार है। पार्टी ने भाजपा की दोनों सरकारों पर सानंद के मामले में असंवेदनशील रवैया अपनाने का आरोप भी मढ़ दिया है।
गंगा की अविरलता के लिए अनशनरत सानंद की मौत पर कांग्रेस सवाल उठा रही है कि गंगा की बात करने वाली पार्टी की सरकार सानंद के जीवन की रक्षा क्यों नहीं कर पाई।
प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह कहते हैं कि सानंद की मौत राज्य और केंद्र सरकार की असंवेदनशीलता का नतीजा है। उन्होंने कहा है कि गंगा की अविरलता के लिए दो संतों को भाजपा के शासनकाल में प्राण त्यागने पडे़ हैं।
इसके बाद राज्य और केंद्र सरकार दोनों ही कटघरे में खड़ी हैं। सानंद के जीवन को बचाने के लिए सरकारों के स्तर पर गंभीर प्रयास नहीं हुए। इधर, कांग्रेस के मुख्य प्रचार समन्वयक धीरेंद्र प्रताप ने कहा है कि सानंद की मौत से सरकार का गंगा प्रेम छलावा साबित हुआ है। सानंद की मौत केंद्र सरकार की लापरवाही से हुई है। सरकार ने समय रहते उनका अनशन समाप्त कराने की गंभीर कोशिश नहीं की। उन्होंने कहा कि सानंद की मौत की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से कराई जाए।
कांग्रेस अब भाजपा को गंगा एजेंडे पर घेरने की तैयारी में है। गंगा के देशव्यापी मुद्दे पर कांग्रेस हाईकमान भी अब उत्तराखंड इकाई से बेहद प्रभावशाली भूमिका की उम्मीद कर रहा है। ऐसे में गंगा के मुद्दे को प्रभावी तरीके से उठाने का प्रदेश कांग्रेस के ऊपर दबाव भी हो सकता है। लिहाजा प्रदेश कांग्रेस इस मुद्दे पर बेहद आक्रामक रुख अख्तियार करने की तैयारी में है।