विपक्ष एक बार फिर अफवाह और साजिशन झूठ फैला रहा
धामी सरकार ने आरोपियों को मजबूत पैरवी से पहुंचाया अंजाम तक
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस अंकिता मर्डर जैसे संवेदनशील मुद्दे को राजनीतिक हथियार बना रही है। विरोध-प्रदर्शनों में लहराए जा रहे राजनीतिक दलों के झंडों में विपक्ष और 27 की नई राजनीतिक महत्वाकांक्षा रखे लोगों की नीयत स्पष्ट नजर आती है। जबकि धामी सरकार ने मजबूत पैरवी कर आरोपियों को सजा दिलाई और विपक्ष को इसमें कुछ चूक लगती है तो वह अदालत को तथ्यों से अवगत करा सकती है।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस एक सुनियोजित रणनीति के तहत भाजपा सरकार और संगठन की छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रही है। दिवंगत बेटी के मर्डर से मुद्दे पर विपक्ष एक बार फिर अफवाह और साजिशन झूठ फैला रहा है। वीआईपी को लेकर जांच एजेंसी स्थिति स्पष्ट कर चुकी है और अदालत में हर स्थिति साफ हुई है। कांग्रेस पहले भी वीआईपी को लेकर तमाम आरोप लगा चुकी है और जब उसे सफलता नही मिली तो वह नए नाम लेकर मैदान में उतरी है। अदालत में स्थिति स्पष्ट होने के बाद जनता की अदालत में भी उसे मुंह की खानी पड़ी है। पुलिस वीआईपी और रिजॉर्ट तोड़ने को लेकर स्थिति स्पष्ट कर चुकी है। रिजॉर्ट टूटने से सुबूत नष्ट नहीं हुए बल्कि एसआईटी ने सावधानीपूर्वक सभी सुबूत एकत्रित कर लिए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मकसद इस संवेदनशील मुद्दे को हवा देना है और इस आड़ में भाजपा के बड़े नेताओं को बदनाम कर निजी स्वार्थ के लिए जनाक्रोश उत्पन्न करना है। भट्ट ने आरोप लगाया कि राजधानी व अन्य स्थानों पर होने वाले प्रदर्शन में राजनीतिक कार्यकर्ताओं द्वारा अराजकता की जा रही है। उनकी कोशिश है कि किसी तरह इस संवेदनशील मुद्दे की आड़ में प्रदेश का माहौल खराब किया जाए। जिस तरह वहां तमाम विपक्षी राजनीतिक पार्टी झंडों डंडों के साथ आपस में भिड़ रहे थे, उससे इस संवेदनशील मुद्दे पर हो रही राजनीति स्पष्ट होती है। कहा कि महिला अपराधों को बच्चों की गलती बताने वाली पार्टी के मुखिया अखिलेश का समर्थन इस संवेदनशील मुद्दे पर जारी राजनीति के स्तर को दर्शाता है।