कांग्रेस ने रविवार को कौलागढ़ में शहीद वीर ग्राम प्रणाम यात्रा निकाली। यात्रा शहीद नीरज थापा द्वार से शुरू हुई। पूरे गांव की परिक्रमा कर कांग्रेसजनों ने शहीदों के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की। उनका हालचाल जाना व शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कांग्रेसजन महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव पिया थापा द्वारा कौलागढ़ में आयोजित शहीद वीर ग्राम प्रणाम यात्रा में शामिल हुए। धस्माना के नेतृत्व में पूर्वाह्न 11:30 बजे कौलागढ़ के शहीद नीरज थापा द्वार पर सबसे पहले शहीद जनरल विपिन्न रावत, उनकी धर्मपत्नी व हैलीकाप्टर दुर्घटना में शहीद हुए अन्य सैनिकों, कौलागढ़ के शहीद राइफलमैन नीरज थापा, शहीद राइफलमैन शिव चरण दास, शहीद मेजर संजय सिंह, शहीद हरेंद्र सिंह रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। धस्माना ने शहीद नीरज थापा के स्मारक पर लगी उनकी तस्वीर व जनरल रावत की तस्वीर पर पुष्प माला चढ़ा और दीप प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। धस्माना ने कहा कि देश की सेना भारत की सेना है वह किसी राजनीतिक दल की नहीं है। देश की सेना व सैनिक का धर्म देश की रक्षा करना है, लेकिन कुछ वर्षों से एक बड़ी साजिश के तहत देश की सेना का राजनीतिकरण करने की कोशिश की जा रही है। यात्रा सैनिक बस्ती, पीपल चौक, आंबेडकर मार्ग, मुख्य कौलागढ़ मार्ग, कैनाल रोड, शांति विहार से परिक्रमा करते हुए वापस शहीद नीरज थापा मार्ग पहुंची। जहां दो मिनट का मौन रख कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर पिया थापा, अनिल बस्नेत, राजेन्द्र धवन, घनश्याम वर्मा, विजय शाही, देवकी बिष्ट, अभिषेक तिवारी, अजीत शर्मा, अवशेष कथीरिया आदि शामिल हुए।