कांग्रेस नेता एवं भाई को गोली मारने के आरोपी के घर आगरा में डुगडुगी पिटवा कर चस्पा किया कुर्की
बाह। बासौनी के उमरैठा गांव में 28 अक्तूबर रात को कांग्रेस नेता उमाशंकर उपाध्याय और उनके बड़े भाई शिवशंकर पर फायरिंग की गई थी। प्रभारी निरीक्षक बासौनी सत्येंद्र पाल सिंह ने बताया कि अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आगरा आतिक सिद्दकी की अदालत ने आरोपी बबलू उर्फ सतानंद के खिलाफ कुर्की नोटिस जारी किया था। मंगलवार को पुलिस ने बबलू उर्फ सतानंद निवासी उमरैठा के आगरा के भोले बाबा होम्स में मकान नंबर 145 को कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कुर्की नोटिस चस्पा कर दिया है। डुगडुगी पिटवा कर आरोपी की पत्नी ममता देवी आदि के समक्ष नोटिस चस्पा किया गया है।
उमरैठा गांव में शादी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद 28 अक्तूबर को देर रात कांग्रेस नेता उमाशंकर उपाध्याय एवं उनके बड़े भाई शिवशंकर अपनी कार में बैठ रहे थे। तभी सतानंद उर्फ बबलू, रामलखन उर्फ गोलू आदि ने उन पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान उमाशंकर उपाध्याय के कंधे में, शिवशंकर के जबड़े और पेट में गोली लगी थी। दोनों ने पुलिस को बताया था कि जमीनी मामलों में पैरवी किए जाने की वजह से हमला किया गया था।
मामले में 10 नवंबर को पुलिस ने मुठभेड़ में एक आरोपी रामलखन उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया था। 28 नवंबर को 25 हजार के इनामी मटसेना फिरोजाबाद के ककरौली गांव के रामप्रीत, बाड़ी धौलपुर के सोना गुर्जा गांव के विनोद गुर्जर को कैंजरा, भगवानपुरा तिराहे पर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर 2 तमंचे और 4 कारतूस बरामद किए थे। 16 जनवरी को उमरैठा के रामयश उर्फ करू को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।