अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि सिख समुदाय के अपमान के बाद कांग्रेस में पश्चाताप की जो नौटंकी चल रही है, उससे यह बात जरूर सामने आ रही है कि सिख समुदाय के अपमान से किसी को कोई लेना देना नहीं। सहूलियत के हिसाब से सभी हित साध रहे हैं।
चौहान ने पूर्व सीएम हरीश रावत की गुरुद्वारे में सेवा को नौटंकी करार देते हुए कहा कि अगर वह ऐसा देवभूमि की सनातनी जनता के सामने भी प्रायश्चित का भाव रखते तो कांग्रेस के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा नहीं होता। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की खातिर उन्होंने मुस्लिम यूनिवर्सिटी या जुमे की नमाज के जो कथित फैसले लिए, उसके लिए वह खुले आम बड़ा दिल करके जनता के सामने नहीं आए। यही कारण है कि जनता ने कांग्रेस को माफ नहीं किया। हरदा अपने कृत्य को बड़ी खूबसूरती से छिपाने और दूसरों पर दोष मढ़ने में माहिर हैं, लेकिन जनता से बचना आसान नहीं है।
चौहान ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के माल्टे ही नहीं बल्कि सभी फल रसीले हैं। माल्टा पार्टी में वह स्वाद विहीन हो गए क्योंकि उनका भाव राजनैतिक था। पार्टी का मकसद फल काश्तकारों के उत्पादों की एमएसपी बढ़ाने की नहीं बल्कि राजनैतिक मकसद का आयोजन था।