प्रेसवार्ता करते कांग्रेस के शहर अध्यक्ष शम्मी प्रकाश।
- फोटो : VIKAS NAGAR
शहर के मीट व्यवसायियों का आरोप है कि पालिका प्रशासन उनकी दुकानों को जबरन बंद कराना चाहता है। जिस कारण उन्हें लाइसेंस रिन्यू करवाने के लिए एनओसी जारी नहीं की जा रही है। उन्हें एनओसी जारी करने के लिए स्लाटर हाउस से प्रमाणपत्र लाने के लिए कहा जा रहा है।
जबकि, बीते 14 जनवरी को पालिका प्रशासन शहर में बने एकमात्र स्लाटर हाउस को ध्वस्त कर चुका है। ऐसे में वह स्लाटर हाउस संबंधित प्रमाणपत्र लाएं तो कहां से? वहीं, अब मीट व्यवसायियों की इस लड़ाई में कांग्रेस भी कूद पड़ी है। रविवार को तिलक भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष और सभासद शम्मी प्रकाश ने कहा कि पालिका क्षेत्र में 60 साल से स्लाटर हाउस का संचालन किया जा रहा था, जिसे पालिका प्रशासन ने बिना किसी नोटिस के ध्वस्त करा दिया। जबकि, इससे एक दिन पूर्व 13 जनवरी को स्लाटर हाउस संबंधित शुल्क भी पालिका प्रशासन द्वारा वसूला गया। कहा कि पालिका प्रशासन जबरन मीट व्यवसायियों को परेशान करने का काम कर रहा है। पालिका प्रशासन के एनओसी जारी न करने पर खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण भी व्यवसायियों को लाइसेंस जारी नहीं कर रहा है।
कहा कि यदि मीट व्यवसायियों की दुकान बंद होती है तो इस व्यवसाय से जुड़े कई लोगों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो जाएगा। बताया कि पालिका के इस निर्णय के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कमेटी तहसील का घेराव करेगी। यदि मीट व्यवसायियों को एनओसी जारी नहीं कि जाती तो आंदोलन किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रेम प्रकाश अग्रवाल, सभासद लवलेश शर्मा, देवानंद पासी, बलजीत सिंह, राजीव शर्मा, राजकुमार, सुनील कुमार, अरविंद पासी, हीरानंद, सुदेश, फरमान सलीम, साबिर कुरेशी मौजूद रहे।