देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने स्थानीय मुद्दों को लेकर रणनीति बनाई है। विधानसभा वार जनहित के मुद्दों व भाजपा सरकार की गलत नीतियों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी।
बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल व प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने प्रदेश नेताओं के साथ अलग-अलग बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। राष्ट्रीय महासचिव ने प्रदेश नेताओं ने एसआईआर प्रक्रिया में मतदाताओं के नाम कटने से रोकने के लिए पार्टी की ओर से उठाए गए कदम के बारे फीडबैक लिया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अवगत कराया कि मतदाताओं के सहयोग व समन्वय के लिए पार्टी ने टीमों का गठन किया है। इसके अलावा जिन बूथों पर सबसे अधिक मतदाताओं के सबसे अधिक नाम हटाए जाने की शिकायत आ रही है, उन बूथों पर पार्टी की विशेष निगरानी है। पार्टी किसी पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची से कटने नहीं देगी।
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने पार्टी नेताओं के साथ आगामी चुनाव के लिए प्रचार रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा, विधानसभा वार स्थानीय मुद्दों व भाजपा की गलत नीतियों को उठा कर कांग्रेस जनता के बीच जाएंगे। चुनाव प्रचार को धार देने के लिए पार्टी के शीर्ष नेता उत्तराखंड के दौरे पर आएंगे।
बैठक में सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष करन माहरा, विधायक काजी निजामुद्दीन मौजूद रहे।