वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरिद्वार तक सीमित
पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत हरिद्वार तक सीमित दिखाई दे रहे हैं। उम्र के इस पड़ाव में अपने राजनीतिक जीवन का बड़ा और संभवतया आखिरी दांव वह हरिद्वार से खेलना चाहते हैं, इसलिए वह हरिद्वार से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रीतम को एआईसीसी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में वरिष्ठ पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी है।
वह छत्तीसगढ़ में दो चरणों में होने वाले चुनाव में वहां 17 नवंबर तक व्यस्त रहेंगे। इतना ही नहीं केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) का सदस्य होने के नाते वह चार अन्य राज्यों मिजोरम, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना के चुनाव में भी व्यस्त रहेंगे। साफ है कि उत्तराखंड में वह दिसंबर के बाद ही सक्रिय हो पाएंगे।
पार्टी के तीसरे बड़े नेता व पूर्व पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल को भी इस बार एआईसीसी की राष्ट्रीय कार्यसमिति में जगह मिली है। इसके अलावा राजस्थान में चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी में बतौर सदस्य उन्हें शामिल किया गया है। ऐसे में पांच राज्यों के चुनाव में गोदियाल भी लंबे समय तक व्यस्त रहने वाले हैं, जबकि उन्हें पौड़ी लोस सीट से मजबूत दावेदार के तौर पर देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Board Exams: फरवरी-मार्च में होंगी उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं, पढ़ें बैठक में लिए गए ये अहम फैसले
वहीं, हरक सिंह रावत पिछले कुछ समय तक हरिद्वार में खासे सक्रिय दिखाई दिए, लेकिन जब से पाखरो टाइगर सफारी मामले में सीबीआई जांच शुरू हुई है, उनके तेवर में ढीले पड़ते नजर आ रहे हैं। राज्य में इस समय अध्यक्ष माहरा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ही मोर्चे पर डटे हैं। माहरा लगातार गढ़वाल कुमाऊं में कार्यकर्ताओं की बैठकें ले रहे, जिससे पार्टी की गतिविधियां कुछ हद तक सुचारू नजर आ रही हैं।