फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनाव नतीजों से पहले कांग्रेस ने सीएम त्रिवेंद्र पर किया बड़ा हमला, दिखाई करीबी के स्टिंग की वीडियो

Wed, 22 May 2019 08:17 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और उपनेता प्रतिपक्ष करण माहरा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लोकसभा चुनाव के नतीजे आने से दो दिन पहले मंगलवार को कांग्रेस ने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत पर सीधा और बड़ा हमला किया। कांग्रेस ने व्यवसायी संजय गुप्ता और सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के करीबी रिश्तों का जिक्र किया और दोनों को बिजनेस पार्टनर बताया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और उपनेता प्रतिपक्ष करण माहरा ने मंगलवार को संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान मीडिया को एक स्टिंग की भी क्लीपिंग दिखाई और दावा किया कि यह सीएम के करीबी मित्र संजय गुप्ता हैं। दोनों के बीच निजी और व्यावसायिक रिश्तों को साबित करने के लिए जमीन की कुछ रजिस्ट्रियां भी प्रस्तुत की गईं। 

विज्ञापन


कांग्रेस ने पुरजोर ढंग से आरोप लगाया कि सूर्यधार झील प्रोजेक्ट लाने के पीछे सीएम की मंशा संजय गुप्ता के व्यावसायिक हित साधने से जुड़ी है। कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने से पहले संजय गुप्ता के स्टिंग के सार्वजनिक प्रदर्शन का एलान किया था, लेकिन फिर इस पर उसके कदम ढीले पड़ गए थे। मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस ने इस मामले में धमाका कर ही दिया। कांग्रेस के दोनों नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेेंस का दावा करती है, लेकिन सीएम के करीबी संजय गुप्ता के स्टिंग, सीएम की पत्नी और संजय गुप्ता की पत्नी के संयुक्त नाम से खरीदी गई जमीन के दस्तावेज सारी स्थिति को साफ कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सूर्याधार झील योजना का शिलान्यास 25 दिसंबर 2017 को किया गया है। इससे पहले संजय गुप्ता के नाम आखिरी रजिस्ट्री 31 जुलाई 2017 को हुई है। सीएम पूर्व में संजय गुप्ता के साथ किसी भी तरह के रिश्तों को खारिज करते रहे हैं, लेकिन दस्तावेजी सबूत, स्टिंग में की जा रही बातचीत और शिलान्यास समेत कई मौकों पर सीएम के साथ संजय गुप्ता की फोटो सारी हकीकत बयान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि करीब 70 करोड़ की लागत वाली सूर्यधार झील बनाई ही इसलिए जा रही है, ताकि सरकारी धन खर्च कर सीएम और संजय गुप्ता के व्यावसायिक हित सध सकें।
विज्ञापन


उधर, कांग्रेस के आरोपों पर संजय गुप्ता का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

जमीन खरीद के ये दिए ब्योरे


01-सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की पत्नी सुनीता रावत और संजय गुप्ता की पत्नी मनीषा गुप्ता के नाम पर चामासारी सहस्त्रधारा स्थित संयुक्त जमीन की रजिस्ट्री दिनांक 27 जुलाई 2012

02-सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की पत्नी सुनीता रावत और संजय गुप्ता की पत्नी मनीषा गुप्ता के संयुक्त नामों पर चामासारी सहस्त्रधारा स्थित जमीन की रजिस्ट्री दिनांक 20 नवंबर 2012

03-संजय गुप्ता द्वारा सूर्याधार झील की घोषणा से पहले खरीदी गई जमीन की रजिस्ट्री दिनांक आठ नवंबर 2016

04-संजय गुप्ता द्वारा सूर्याधारी झील की घोषणा से पहले खरीदी गई जमीन की रजिस्ट्री दिनांक 12 जुलाई 2017

05-संजय गुप्ता द्वारा सूर्याधार झील की घोषणा से पहले खरीदी गई जमीन की रजिस्ट्री दिनांक 31 जुलाई 2017
विज्ञापन

जांच की मांग, सीएम से मांगा इस्तीफा

कांग्रेस ने इस पूरे प्रकरण की सीबीआई या फिर हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस के नेताओं ने कहा है कि या तो सीबीआई इस गड़बड़झाले की जांच करे या फिर हाईकोर्ट के सिटिंग जज की देखरेख में एसआईटी इस मामले को देखे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि 23 मई को चुनाव नतीजे आने के बाद कांग्रेस इस मामले को लेकर सड़कों पर उतरेगी। कांग्रेस ने इस प्रकरण में संलिप्तता की बात कहते हुए सीएम से इस्तीफा मांगा है। पार्टी ने कहा है कि नैतिकता का तकाजा है कि सीएम को अपने पद पर बने नहीं रहना चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें