कांवली में मलिन बस्तियों को लेकर कांग्रेसियों ने धरना दिया। इस दौरान कांग्रेस ने उत्तराखंड मलिन बस्ती विकास परिषद कांग्रेस के बैनर तले सरकार से मालिकाना हक के लिए आरपार की लड़ाई लड़ने की घोषणा की।
कांवली के शास्त्रीनगर में आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष धरने को संबोधित के दौरान धस्माना बोले कि इसी महीने दीपावली के बाद वह पूरे राजधानी देहरादून समेत राज्य के हर जिले की मलिन बस्तियों में मालिकाना हक न्याय यात्रा शुरू करेंगे।
कहा कि वर्ष 2016 में राज्य की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने मलिन बस्तियों के गहन सर्वे व अध्ययन के पश्चात बाकायदा नियमावली बना कर विधानसभा से पारित करवा कर राज्य की मलिन बस्तियों को नियमित करने और उनके लोगों को मालिकाना हक देने की कार्रवाई शुरू कर दी थी, लेकिन 2017 में राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद भाजपा सरकार ने उक्त कार्रवाई को रोक कर ठंडे बस्ते में डाल दिया।
धस्माना ने ऐलान किया कि देहरादून समेत पूरे प्रदेश के हर जिले की हर मलिन बस्तियों में मालिकाना हक दो न्याय यात्रा की जाएगी और फिर राजधानी देहरादून में विशाल मुख्यमंत्री कूच व विधानसभा कूच का कार्यक्रम होगा।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि मलिन बस्तियों के लोग अब भाजपा की चालाकी और धोखे को पूरी तरह से समझ गए हैं। यह बात भी सारे गरीब लोग समझ गए हैं कि अगर मलिन बस्तियों को नियमित करने और मालिकाना हक देने का साहस किसी में है तो वह सिर्फ कांग्रेस में है।
प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री जगदीश धीमान, निवर्तमान पार्षद संगीता गुप्ता, इलियास अंसारी, मुकीम अहमद, पूर्व पार्षद राजेश पुंडीर, महानगर उपाध्यक्ष अवधेश कथिरिया आदि मौजूद रहे।