रेलवे की ओर से दिव्यांग यात्रियों को अब रियायती रेलवे पास ऑनलाइन जारी किए जा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों की ओर से दिव्यांगों को ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया से भी रूबरू कराया जा रहा है।
बता दें कि रेलवे की ओर से दिव्यांग यात्रियों को पास जारी किए जाते हैं, ताकि दिव्यांग यात्री रियायत पर ट्रेनों में सफर कर सकें। पूर्व में रेलवे की ओर से दिव्यांगों को फार्म जमा करने के बाद काउंटर पर ही पास जारी किए जा रहे थे, लेकिन अब सारी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। इसकी वजह से ज्यादातर दिव्यांगों को रेलवे पास का आवेदन करने में दिक्कतें आ रही हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि अधिक से अधिक दिव्यांगों को रियायती पास जारी कर दिए जाएं, इसके लिए दिव्यांगों को ऑनलाइन आवेदन के लिए जागरूक किया जा रहा है। बताया कि दिव्यांग www.divyangsahayak.com पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
दिव्यांगों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से जारी दिव्यांग प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करने होंगे। तमाम प्रक्रिया पूरी करने के बाद दिव्यांगों को रियायती रेलवे पास उनके घर के पतों पर पोस्ट कर दिए जाएंगे।