-मुख्य सचिव ने पिटकुल व जिलाधिकारी के साथ की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने देहरादून की भूमिगत बिजली लाइनों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जून तक सभी जगह सड़क खोदने व भूमिगत बिजली लाइन का काम पूरा किया जाए।
मुख्य सचिव ने पिटकुल को सभी फ्रंट पर एक साथ कार्य खोलने के बजाए कुछ फ्रंट पर कार्य खोलकर अपनी सभी लेबर को एक ही जगह लगाते हुए कार्य को निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत पूर्ण करने के निर्देश दिए। कहा कि इससे पूरे शहर की सड़कें खुदने के बजाए कुछ हिस्सों में अधिक लेबर लगाने से कार्य ज्यादा तेजी से होगा। इससे शहरवासियों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी देहरादून के साथ लगातार संपर्क बनाते हुए अपने कार्य को तय समय सीमा के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी देहरादून को भी भूमिगत केबल की प्रगति की साप्ताहिक मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कहा कि एक जगह कार्य पूर्ण होने के बाद ही आगे के कार्य शुरू किए जाने की अनुमति दी जाए। इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, जिलाधिकारी सविन बंसल एवं पिटकुल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।