- सरकारी कार्यालयों में बदसलूकी करने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश
- मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिव समिति की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने विभागों के सचिवों व जिलाधिकारियों को आगामी विधानसभा बजट सत्र की सभी व्यवस्थाएं समय पर करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों व कर्मचारियों के साथ बदसलूकी करने पर सख्त कार्रवाई की जाए।
सोमवार को सचिवालय में सचिव समिति की बैठक में मुख्य सचिव ने कहा, नौ मार्च से भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र आयोजित होना है। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं के साथ सुरक्षा प्रोटोकॉल को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माध्यम से राज्य में किए गए सभी योजनाओं के शिलान्यास कार्यों की प्रगति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ई-ऑफिस के तहत डिजिटल फाइलिंग के बेहतर क्रियान्वयन पर जिलों की सराहना करते हुए सभी निदेशालयों को डिजिटल फाइलिंग में तेजी लाने को कहा है।
मुख्य सचिव ने गांव गोद लेने योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारियों को जिलावार प्रवासियों का डाटा तैयार कर उनसे समन्वय स्थापित करने, उनके अनुभव, तकनीक एवं कार्य संस्कृति का प्रदेश हित में उपयोग करने को कहा। बैठक में राजस्व परिषद की आयुक्त सह सचिव रंजना राजगुरु ने एग्री स्टैग योजना का प्रस्तुतिकरण दिया गया, जिसमें कृषि विकास योजनाओं की प्रगति तेज कर केंद्र से मिलने वाले इंसेंटिव का अधिकतम लाभ उठाने पर जोर दिया। बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, प्रमुख सचिव धनंजय चतुर्वेदी, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।