- गढ़ी कैंट में छावनी कार्यालय के पास बना है सभागार, तीन दिन के लिए होगा बुक
- बुकिंग शुल्क में बीपीएल परिवारों को मिलेगी छूट
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। गढ़ी कैंट में बना स्व. हरबंश कपूर मेमोरियल कम्युनिटी सभागार आठ दिसंबर से आयोजनों के लिए जनता के लिए खुल जाएगा। छावनी परिषद ने आठ दिसंबर से इसकी बुकिंग शुरू कर दी है। इसके साथ ही आयोजनों के लिए बुकिंग के चार्ज भी जारी कर दिए हैं। इसमें बीपीएल परिवारों को विशेष छूट दी गई है।
गढ़ी कैंट छावनी परिषद के सीईओ हरेंद्र सिंह ने बताया कि गढ़ी कैंट में छावनी कार्यालय के पास बने कम्युनिटी सभागार को आठ दिसंबर से शादी, धार्मिक समेत किसी भी आयोजन के लिए बुक किया जा सकेगा। इसके लिए ऑनलाइन ही आवेदन करना होगा। बुक करने के लिए आम नागरिक कार्यालय की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन के अलावा लिखित, दूरभाष या अन्य किसी माध्यम से बुकिंग नहीं होगी। सामुदायिक भवन की बुकिंग केवल तीन दिन तक ही रहेगी। बुकिंग कार्यक्रम की तिथि से तीन महीने पहले ही पहले आओ पहले पाओ के आधार पर की जाएगी।
—-
बुकिंग के अलावा भी देने होंगे दूसरे शुल्क
छावनी परिषद के सीईओ हरेंद्र सिंह ने बताया कि स्थानीय नागरिकों को विवाह आदि आयोजन के लिए बुकिंग शुल्क 51 हजार रुपये रहेगा। इसके साथ ही बीपीएल कार्ड धारकों को 11 हजार रुपये बुकिंग शुल्क देना होगा। सरकारी समारोह के आयोजन के लिए 21 हजार रुपये बुकिंग शुल्क रहेगा। बुकिंग करते समय पांच हजार रुपये रख-रखाव शुल्क भी देना होगा। इसके अलावा 10 हजार रुपये सुरक्षा राशि भी जमा करनी होगी। ये रकम कार्यक्रम के बाद वापस की जा सकेगी।