फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खनन को लेकर सदन में हंगामा, ये विधायक कह गए गोली चलाने तक की बात

Tue, 28 Mar 2017 09:43 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने सोमवार को चार महीने के लिए 16048.74 करोड़ का लेखानुदान पेश किया। उन्होंने सदन को बताया कि केंद्र सरकार की तर्ज पर इस बार योजना और गैर योजना मद को समाप्त करके राजस्व व पूंजी आय-व्ययक की नई व्यवस्था आरंभ की गई है। लेखानुदान में कर्मचारियों के वेतन, भत्तों एवं पेंशन व्यय के अलावा लोक महत्व की कुछ योजनाओं के लिए वित्तीय प्रावधान किए गए हैं। 
विज्ञापन


लेखानुदान पर मंगलवार को चर्चा होगी और फिर यह पास होगा। सातवें वेतन आयोग के आवश्यक खर्च लेखानुदान में शामिल किए गए हैं। वित्त मंत्री ने बताया कि चूंकि नई सरकार गठित हुई है, तत्काल इतने कम समय में पूर्ण बजट लाना संभव नहीं था, लिहाजा यह लेखानुदान लाया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के वेतन, भत्तों एवं पेंशन में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। बजट में कुछ बड़ी परियोजनाओं के लिए भी वित्तीय प्रावधान किया गया है। 

उन्होंने बताया कि इनमें दून मेडिकल, आईएसबीटी व मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना शामिल है। वित्त मंत्री के मुताबिक, वित्तीय हालात संतुलित नहीं है। किंतु सरकार वित्तीय संतुलन की ओर बढ़ते हुए इससे बाहर निकलने का प्रयास कर रही है। नए प्रयोग और नये प्रावधानों के जरिए सरकार अपने उद्देश्य को प्राप्त करेगी। 
विज्ञापन


भ्रष्टाचार पर सरकार के जीरो टोलरेंसके वादे को दोहराते हुए उन्होंने सदन पटल पर उत्तराखंड लोकायुक्त विधेयक 2017 व उत्तराखंड लोकसेवकों के लिए वार्षिक स्थानांतरण विधेयक, 2017 पेश किया। उन्होंने बहुप्रतीक्षित चतुर्थ राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट भी सदन में रखी। सरकार ने आयोग की संस्तुतियों को एक अप्रैल 2017 से लागू करने का निर्णय लिया है।   

इससे पूर्व सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही रामनगर वन प्रभाग में अवैध खनन रोकने गए एक बीट वाचर की निर्मम हत्या के मामले पर विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने इसे लोक महत्व का विषय करार देते हुए नियम-310 में चर्चा कराने की मांग की। तभी सत्ता पक्ष की ओर से विपक्ष पर सवाल उठे तो विपक्षी सदस्य वेल में आ गए। स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल के नियम 58 में चर्चा कराने के भरोसे के बाद ही सदन की कार्यवाही शुरू हो सकी।
विज्ञापन

इन्होंने कहा,  हां मैंने गोली चलाई ..!

सोमवार को जब सदन की कार्यवाही आरंभ हुई तो विपक्ष की ओर से प्रीतम सिंह ने रामनगर वन प्रभाग में खनन माफिया के एक बीट वाचर की हत्या का मामला उठाया और इस मुद्दे पर नियम 310 में चर्चा कराने की मांग की। इस पर स्पीकर ने सलाह दी कि पहले प्रश्नकाल होने दें। मगर, विपक्षी सदस्य पीठ से प्रस्ताव स्वीकारे जाने का आश्वासन चाहते थे। 

इस दौरान विपक्षी सदस्य करन माहरा, हरीश धामी, राजकुमार, आदेश चौहान, मनोज रावत वेल में आए तो सत्ता पक्ष की ओर से मुन्ना सिंह चौहान ने तंज किया कि सूप तो सूप, अब छलनी भी बोले तो विपक्षी सदस्य उखड़ गए। उन्होंने सत्तापक्ष पर पलटवार किया। जमकर हंगामा हुआ। स्पीकर के नियम 58 में नोटिस स्वीकारने के बाद ही विपक्षी सदस्य अपनी सीटों पर आकर बैठे। 

हां मैंने गोली चलाई ..!
वेल में पहुंचे विपक्षी सदस्य हरीश धामी इस कदर उत्तेजित हुए कि उन्होंने सत्तापक्ष में बैठे सदस्यों को चुनौती दे डाली। बाजू चढ़ाते हुए उन्होंने जो कहा... उसे स्पीकर को सदन की कार्यवाही से हटाने के आदेश देने पड़े। संसदीय कार्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष के बीच संवाद के बाद स्पीकर के अनुग्रह पर विपक्ष शांत हुआ। मगर धामी सत्ता पक्ष की ओर से उन पर हो रही तानाकशी से नाराज थे। मुन्ना सिंह चौहान ने अवैध खनन मामले में धामी द्वारा एफआईआर लिखाने का जिक्र किया तो तैश में आए धामी बोल पड़े, मुझ पर जानलेवा हमला हुआ था, इसलिए मुझे हवा में गोली चलानी पड़ी।’

राज्यपाल के अभिभाषण पर नोक-झोंक
सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में नोक-झोंक हुई। भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा, जिसका सुरेंद्र सिंह जीना ने समर्थन किया। मगर विपक्ष ने अभिभाषण में 424 बिंदुओं पर संशोधन की मांग की। नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि बजट अभिभाषण में कुछ भी नया नहीं है।

रघुनाथ सिंह चौहान बनेंगे डिप्टी स्पीकर
अल्मोड़ा सीट पर कांग्रेस का एकाधिकार तोड़कर विधानसभा में पहुंचने वाले बीजेपी विधायक रघुनाथ सिंह चौहान अगले डिप्टी स्पीकर होंगे। उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है। सोमवार को इस संबंध में नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई और केवल एक नामांकन रघुनाथ सिंह चौहान की तरफ से कराया गया। मंगलवार को उनके नाम का औपचारिक एलान होना अब बाकी रह गया है। चौहान दूसरी बार विधायक बने हैं। यूपी के जमाने में अल्मोड़ा वारामंडल सीट से वे चुनाव जीते थे। इसके बाद, उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में उन्हें लगातार हार मिलती रही। चौथे प्रयास में उन्हें अल्मोड़ा सीट से विजय मिली है। डिप्टी स्पीकर पद के लिए उन्होंने विधानसभा सचिव जगदीश चंद्र के सामने नामांकन दाखिल कराया। उन्होंने नौ सेट दाखिल किए। डिप्टी स्पीकर का चुनाव मंगलवार को प्रस्तावित है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें