फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बाधित, संकट में कारोबारी

विज्ञापन
विज्ञापन
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर अब आपकी रसोई तक पहुंचने लगा है। यही कारण है कि एक ओर जहां घरेलू गैस की बुकिंग के लिए 25 दिनों की समय सीमा का सख्ती से पालन किया जा रहा है, वहीं काॅमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। इसे देखते हुए अगले तीन दिनों तक प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को ही काॅमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति का निर्णय लिया गया। ऐसे में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के समक्ष संकट खड़ा हो गया है, हालांकि जिला पूर्ति अधिकारी की ओर से तीन दिनों में स्थिति सामान्य होने का दावा किया जा रहा है।
विज्ञापन


अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध के बीच उपजे हालात से जिले में पहले घरेलू और कामर्शियल सिलिंडरों के दाम में बढ़ोत्तरी हुई। वहीं पिछले करीब 48 घंटे से गैस की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण जिले में दो दिन का बैकलॉग खड़ा हो गया। इसकी वजह से 37 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को एलपीजी (लिक्विड पेट्रोलियम गैस) नहीं मिल सकी। स्थिति सामान्य करने के लिए विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में करीब 7.81 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। वहीं पिछले महीने लगभग 5.67 लाख घरेलू सिलिंडरों की आपूर्ति की गई। इसके अलावा 44201 वाणिज्यिक सिलिंडर बिके। इसके हिसाब से जिले में औसतन रोजाना करीब 18900 घरेलू सिलिंडर और 1400 वाणिज्यिक सिलिंडर की खपत होती है। दो दिनों के बैकलॉक से जिले में इस समय 37 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को और 2800 के करीब वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को गैस का इंतजार है।
विज्ञापन


विदित हो कि 62 गैस एजेंसियों से जिले के उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की जाती है जबकि भगवानपुर, हरिद्वार और लोनी में गैस कंपनियों के बॉटलिंग प्लांट हैं। यहां से सिलिंडर रिफिल होकर एजेंसियों तक पहुंचते हैं। बताया जाता है कि दो दिनों तक प्लांटों पर ही एलपीजी सेवा प्रभावित हुई। इसकी वजह से गैस की आपूर्ति पर प्रतिकूल असर पड़ा है।



I
I

Iरसोई गैस की बुकिंग भी प्रभावित
I

रसोई गैस संकट के बीच उपभोक्ताओं ने मंगलवार को गैस बुकिंग नंबर पर कॉल कर बुक करने की कोशिश की, लेकिन नहीं हो पाई। इस संबंध में आपूर्ति विभाग का दावा है कि घरेलू सिलिंडरों की आपूर्ति पर फिलहाल कोई असर नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि एक सिलिंडर की डिलिवरी के 25 दिन बाद ही दूसरा सिलिंडर बुक किया जा सकता है। इसकी वजह से सिलिंडर बुक नहीं हो पाया होगा।



I
I

Iसीएनजी और पीएनजी में न दाम बढ़े और न आपूर्ति प्रभावित
I



पूरे देहरादून के दो हजार से ज्यादा घरों में इस समय पीएनजी (पाइप्ड नेचूरल गैस) की आपूर्ति है। इसके अलावा अकेले देहरादून में औसतन 33 हजार किलो के करीब सीएनजी (कंप्रेस्ड नेचूरल गैस) गाड़ियों में भरी जाती है। अभी तक पीएनजी और सीएनजी की सप्लाई सामान्य है। इसके अलावा इनके दामों में भी कोई इजाफा नहीं किया गया है।



घरेलू गैस की आपूर्ति निर्बाध रूप से की जा रही है। व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को की जा रही है। अगले तीन दिनों में गैस की आपूर्ति सामान्य हो सकेगी। -केके अग्रवाल, जिला पूर्ति अधिकारी





पहाड़ों की रानी में आपूर्ति बाधित होने से होटल-पर्यटन पर असर

मसूरी होटल एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से लगाई जाएगी गुहार



मसूरी। अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध से पहाड़ों की रानी मसूरी में भी व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इससे होटल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के बीच हाहाकार मचा है। शहर के अधिकांश होटलों के किचन बंद करने की नौबत आ गई है।

मसूरी शहर में 325 होम-स्टे और 225 होटल पर्यटन विभाग में पंजीकृत हैं। अधिकांश होटलों, होम स्टे में व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाती है। मसूरी होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि मसूरी शहर में व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की कमी हो गई है। शहर में इंडेन गैस और भारत गैस के व्यावसायिक गैस सिलेंडर मंगलवार से नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को इस संबंध में पत्र दिया जाएगा और शहर में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू करने की मांग की जाएगी।



मसूरी होटल एसोसिएशन महासचिव अजय भार्गव ने बताया कि शहर में व्यावसायिक गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। इससे कई होटलों की किचन बुधवार से ही बंद हो जाएगी। इससे शहर में आने वाले पर्यटकों को भी बड़ी परेशानी उठानी पड़ सकती है। मसूरी ट्रेडर्स एसोसिएशन अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में गैस सिलेंडर नहीं मिलने पर पर्यटन व्यवसाय पर बड़ा असर पड़ सकता है। इससे होटल कारोबारियों के माथे पर चिंता की लकीरें गहराने लगी हैं।

गैस एजेंसी संचालक बोले-कंपनी ने व्यावसायिक सिलिंडर देने से किया मना

ओम भारत गैस सर्विस संचालक संजय गोयल ने बताया कि सोमवार तक उनके पास व्यावसायिक गैस सिलिंडर उपलब्ध था लेकिन मंगलवार से आपूर्ति पूरी तरह से बंद हो गई है। कंपनी ने व्यावसायिक गैस सिलेंडर के लिए मना कर दिया है। घरेलू सिलेंडर फिलहाल पर्याप्त मात्रा में मौजूद है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें