फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी से मौसम हुआ सुहावना, ओलावृष्टि ने बढ़ाई कड़ाके की ठंड

Tue, 05 Mar 2019 07:53 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन

उत्तराखंड में सोमवार को मौसम में फिर ठंडक बढ़ गई। चमोली और रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली। चमोली में दोपहर बाद बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, घांघरिया, रुद्रनाथ, गौरसों बुग्याल, पनार बुग्याल, लाल माटी, नंदा घुंघटी, मंडल घाटी के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। केदारनाथ में शाम को हल्की बर्फबारी हुई है। 

विज्ञापन


बारिश के बाद सोमवार को दून घाटी में मौसम सुहावना हो गया। शहर के लगभग सभी इलाकों में शाम के समय अच्छी बारिश हुई। इसके साथ ही ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। 

सोमवार सुबह से राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में अच्छी धूप खिली रही। दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और आकाश काले बादलों से घिर गया। साथ ही हल्की हवाएं भी चलने लगी। करीब तीन बजे ज्यादातर इलाकों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई।

इसके बाद अगले एक से डेढ़ घंटे तक हल्की बारिश जारी रही। कुछ इलाकों में एक से दो दौर की तेज बारिश भी हुई। इससे तापमान में एक से डेढ़ डिग्री तक की कमी दर्ज की गई। शाम के समय दून घाटी के ज्यादातर इलाकों में मौसम सुहावना हो गया। 

मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ समेत अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने का अनुमान है। ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फ भी गिर सकती है। 
विज्ञापन

कालामुनि में फंसे यात्री, मंदिर में गुजारी रात

थल मुनस्यारी सड़क पर बर्फ पूरी तरह से साफ न होने के कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क सिर्फ छोटे वाहनों के लिए खुली है। ऐसे में एक ट्रक के फंसने के कारण छह लोगों को कालामुनि मंदिर में रात गुजारनी पड़ी। कई पर्यटकों को चौकोड़ी लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा।

बर्फबारी के कारण शनिवार रात से बंद थल मुनस्यारी सड़क रविवार दोपहर में छोटे वाहनों के लिए खोल दी गई थी। शाम को मुनस्यारी से थल की ओर जा रहा एक ट्रक कालामुनि के पास फंस गया। इसके चलते 25 वाहन भी फंस गए। रात आठ बजे लोक निर्माण विभाग की जेसीबी से ट्रक को किनारे किया गया। इसके बाद ही वाहन आगे को रवाना हो सके। बावजूद इसके मार्ग में पास देने के लिए जगह नहीं होने से वाहन कालामुनि से आगे नहीं बढ़ सके।

इसके चलते छह लोगों ने कड़ाके की ठंड में कालामुनि मंदिर में रात गुजारी। मुनस्यारी आने वाले एक दर्जन पर्यटक वाहन वापस चौकोड़ी लौट गए। रविवार को सुबह आठ बजे सड़क से ट्रक को हटाया गया। इसके बाद ही मार्ग पर फंसे वाहन अपने गंतव्य को रवाना हुए। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें