मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शहीद राहुल रैंसवाल के परिजनों से मुलाकात की। कहा कि उनकी शहादत से उत्तराखंड का सीना चौड़ा हुआ है। शहीद के परिवार से किए गए सभी वादे पूरे किए जाएंगे।
सीएम ने शुक्रवार को उनके घर जाकर शहीद के पिता वीरेंद्र सिंह रैंसवाल, मां हरू देवी, पत्नी प्रीति उर्फ पिंकी, फौजी भाई राकेश रैंसवाल सहित तमाम परिजनों को सांत्वना दी। वीरेंद्र सिंह रैंसवाल ने शहीद राहुल की पत्नी को नौकरी दिलाने का आग्रह करते हुए ज्ञापन सौंपा गया।
सीएम ने इस पर सहमति जताई। कहा कि जीआईसी का नाम शहीद के नाम पर किया जा चुका है। अन्य मांगों पर भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के साथ विधायक कैलाश गहतोड़ी व पूरन सिंह फर्त्याल, डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय और एसपी लोकेश्वर सिंह भी मौजूद थे।
चंपावत में बनेगा पार्किंग स्थल
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि चंपावत में सवा दो करोड़ रुपये की लागत से बड़ी क्षमता का पार्किंग स्थल बनेगा। गोलरचौड़ मैदान में चंपावत महोत्सव में हुई सभा में उन्होंने कहा कि जिले के विकास को हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही इनका नतीजा भी नजर आएगा। मुख्यमंत्री रावत ने इस दौरान 116.26 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने 51 किमी लंबे सूखीढांग-डांडा-मीडार मार्ग के डामरीकरण को भी उन्होंने मंजूरी दी।
इससे पूर्व सीएम ने चंपावत महोत्सव का शुभारंभ करने के साथ ही महोत्सव की स्मारिका का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि चंपावत महोत्सव से जिले के पर्यटन, संस्कृति व बहुआयामी विकास में मदद मिलेगी। इसमें चंपावत विधानसभा क्षेत्र में 20.12 करोड़ व लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में 44.08 करोड़ के शिलान्यास और चंपावत क्षेत्र में 11.10 करोड़ व लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में 40.93 करोड़ रुपये के लोकार्पण शामिल हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र पांडेय व वीबू कृष्णा के संचालन में हुए कार्यक्रम में चंपावत के विधायक कैलाश गहतोड़ी, लोहाघाट के विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने विचार रखे। सीएम ने कई स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय, एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसपी लोकेश्वर सिंह, सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने सीएम का स्वागत किया।