राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने रविवार को जनपद उत्तरकाशी की डामटा के समीप बस के दुर्घटनाग्रस्त होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति एवं दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने के साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
बता दें कि यमुनोत्री हाईवे पर डामटा रिखाऊंखड्ड के पास रविवार दोपहर एक बस अनियंत्रित होकर यमुना नदी में जा गिरी। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए। घायलों का रेस्क्यू करने के बाद छह गंभीर घायलों को हेलीकॉप्टर और शेष आठ को एंबुलेंस की मदद से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
दुर्घटनाग्रस्त बस के खड़ी ढाल पर करीब दो सौ मीटर नीचे यमुना नदी में गिरने से रेस्क्यू टीम को अभियान में खासी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू टीम ने सबसे पहले हादसे में घायल हुए लोगों को सड़क तक पहुंचाया। इनमें गंभीर रूप से घायल छह लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से जौलीग्रांट और एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया, जबकि शेष आठ को एंबुलेंस से देहरादून रेफर किया गया।