केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रविवार को सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री आवास स्थित कैंप कार्यालय से विकास रथों को फ्लैग ऑफ किया। ये रथ पूरे महीने राज्य के जिलों में भ्रमण करके लोगों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे।
विकास रथों को रवाना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जन को सरकारी योजनाओं की जानकारी हो और लोग इन योजनाओं का अधिक से अधिक उठा सकें। इस उद्देश्य से प्रदेश की सभी 70 विधानसभाओं में विकास रथ के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के प्रचार के लिए सांस्कृतिक दल नुक्कड़ नाटिकाओं के माध्यम से जागरूक करेंगे। विकास रथों में लगी एलईडी के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। ये रथ एक माह में लगभग 250 स्थानों पर जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को जागरूक करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश में 23 लाख परिवारों को 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
वहीं सौभाग्य योजना के तहत प्रदेश के हर घर तक बिजली पहुंचाई गई है। होम स्टे योजना से युवा पर्यटन के क्षेत्र में स्वरोजगार कर सकते हैं। प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जाएगा। राज्य समेकित सहकारी विकास योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन आएंगे। पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के कलाकारों के अभिनय कौशल व ऊर्जा का प्रदेश हित में सही उपयोग हो सके।
इसके लिए इन दलों के पारिश्रमिक में तीन गुना वृद्धि की गई है। इस अवसर पर वित्त मंत्री प्रकाश पंत, विधायक गणेश जोशी, मेयर सुनील उनियाल गामा, सूचना महानिदेशक दीपेंद्र कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रमेश भट्ट, मीडिया कॉर्डिनेटर दर्शन सिंह रावत, अपर निदेशक सूचना अनिल चंदोला आदि उपस्थित रहे।