उत्तराखंड के सभी पूर्व सीएम जहां रहने से डरते थे अब सूबे के नए मुखिया त्रिवेंद्र सिंह रावत वहां रहने जाएंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को मिथकों का डर नहीं है, वह न सिर्फ सीएम के लिए 27 करोड़ की लागत से बने बंगले में जा सकते हैं, बल्कि उनके राजतिलक के बाद पांच साल से विरान पड़ा सचिवालय कक्ष भी अब गुलजार हो सकता है।
मुख्यमंत्री के परिजनों ने कहा कि मुख्यमंत्री नये बंगले में शिफ्ट हो सकते हैं। प्रदेश में पिछली सरकारों में बने मुख्यमंत्री मिथकों से खौफ खाते रहे हैं, न्यू कैंट रोड स्थित 27 करोड़ की लागत से बने बंगले का वर्षों से खाली रहना इसकी बड़ी वजह है। इस बंगले को लेकर यह मिथक बना हुआ है कि जो भी मुख्यमंत्री इस बंगले में गया वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया।